रायगढ़ जिले में 15 को नहीं बल्कि 17 नवंबर से होगी धान खरीदी आरम्भ ,कोड़ातराई में कलेक्टर करेंगे धान खरीदी का शुभारंभ

रायगढ़ 12 नवम्बर ।रायगढ़ जिलें में 2025 के सत्र में समर्थन मूल्य पर किसानों के धान की खरीदी के लिए 69 समितियों के 105 केंद्रों में 15 और 16 नवम्बर को शनिवार और इतवार का दिन पड़ने के कारण 17 नवम्बर से धान खरीदी शुरू हो जाएगी । कोड़ा तराई के धान खरीदी केंद्र में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम में कलेक्टर की मौजूदगी में धान खरीदी का शुभारम्भ होगा ।धान खरीदी के लिए बारदानों की भी पर्याप्त व्यवस्था कर ली गई है ।
उक्ताशय की जानकारी जिला खाद्य अधिकारी चितरंजन सिंह द्वारा दी गई ।
रायगढ़ जिले में किसानों से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। सभी समितियों में पर्याप्त मात्रा में बारदानें भी उपलब्ध करा दी गई है ताकि धान खरीदी में किसी भी तरह की कोई बाधा न हो, हालांकि शासन ने धान खरीदी की प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू करने का निर्णय लिया है मगर शनिवार और रविवार को अवकाश के कारण धान खरीदी की प्रक्रिया 17 नवंबर से शुरू होगी। 17 नवंबर को कलेक्टर शहर से लगे कोड़ातराई मंडी से धान खरीदी प्रक्रिया का शुभारंभ करेंगे।
जिले में धान खरीदी को लेकर प्रशासनिक तैयारी पूरी हो गई है। इस बार भी जिले के धान उपार्जन के लिए 105 केन्द्र बनाये गये हैं जहां 69 समितियों के माध्यम से किसानों से धान की खरीदी होगी। हालांकि इस बार धान खरीदी के लिए शासन स्तर पर कोई लक्ष्य निर्धारित नहीं किया गया है, ऐसे में पंजीयन के हिसाब से सभी किसानों के धान की खरीदी किये जाने की बात कही जा रही है। शासन के निर्देशानुसार धान खरीदी की प्रक्रिया 15 नवंबर से शुरू होनी थी मगर शनिवार और रविवार को अवकाश होने के कारण इस बार यह प्रक्रिया दो दिन बाद यानी 17 नवंबर से शुरू होगी। जिले में धान खरीदी का शुभारंभ कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी कोड़ातराई मंडी में पूजा अर्चना कर करेंगे।
वर्तमान में टोकन तुम्हर द्वार के माध्यम से किसानों को टोकन काटने का काम किया जा रहा है। वहीं ग्राम पंचायतों के माध्यम से किसानों को उनके रकबे की जानकारी दी जा रही है। विभाग की मानें तो धान खरीदी के लिए प्रारंभिक तौर पर पूरी तैयारी कर ली गई है और सभी केन्द्रों में पर्याप्त मात्रा में बारदाना भी उपलब्ध करा दिये गये हैं।


