रायगढ़

शिवपुरी के ग्रामीणों द्वारा जनदर्शन में पर्यावरण प्रदूषण एवं प्राकृतिक नाले से अवैध जल दोहन की शिकायत,अपर कलेक्टर ने जांच के दिए निर्देश

रायगढ़, 9 मार्च 2026/ जिला कलेक्टोरेट परिसर में आज आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें प्रशासन के समक्ष प्रस्तुत कीं। कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार आयोजित जनदर्शन में अपर कलेक्टर श्री अपूर्व प्रियेश टोप्पो ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक जांच कर त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन में ग्राम शिवपुरी के ग्रामीणों ने गांव में संचालित एक निजी औद्योगिक इकाई के विरुद्ध पर्यावरण प्रदूषण और प्राकृतिक नाले से अवैध जल दोहन की शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने बताया कि कंपनी द्वारा गांव के समीप स्थित प्राकृतिक ‘जिंदा नाला’ से बड़ी पंप मोटर के माध्यम से बिना वैध अनुमति के निरंतर पानी का दोहन कर औद्योगिक उपयोग किया जा रहा है, जिससे नाले का जलस्तर लगातार घट रहा है। ग्रामीणों के अनुसार यह नाला गांव के दैनिक उपयोग का प्रमुख जल स्रोत है। साथ ही कंपनी द्वारा दूषित जल एवं औद्योगिक अपशिष्ट को खुले स्थान पर छोड़े जाने से पर्यावरण प्रदूषण की स्थिति भी निर्मित हो रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button