रायगढ़

दिवाली की रात लगी आग ने यश प्रिंटर्स को जलाकर किया राख , अनाथालय के नजदीक हुई अग्नि दुर्घटना से शहर में फैली सनसनी,चार दमकल गाड़ियों की मदद से देर रात आग पर पाया जा सका काबू ,लाखों रूपये के क्षति की संभावना

रायगढ़. बड़ी दीपावली की रात जब शहर महापर्व की मस्ती और उत्साह में लबरेज था, ठीक इसी दौरान अनाथालय के नजदीक स्थित यश प्रिंटर्स में हुई अग्नि दुर्घटना ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी। एक छोटी सी चिंगारी ने देखते ही देखते विकराल ज्वाला का रूप धारण कर लिया और यश प्रिंटर्स को पूरी तरह से राख कर दिया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गयी और फायर ब्रिगेड की मदद से देर रात तक आग पर काबू पाने का प्रयास किया गया। आग की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि आग को शांत करने दमकल की चार गाड़ियां मंगवानी पड़ी तब कहीं जाकर आग बुझ सकी। हालांकि अब तक आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल सका है।


दीपावली की रात शहर में पहली बार हुई एक बड़ी अग्नि दुर्घटना की घटना ने पूरे शहर को स्तब्ध कर दिया और एक व्यापारी के जीवन भर की कमाई पूंजी को राख कर दिया। सोमवार की रात अनाथालय रोड में स्थित यश प्रिंटर्स में हुई अग्नि दुर्घटना के बाद अब वहां सिर्फ और सिर्फ आग की भयावहता और राख के ढेर नजर आ रहे हैं। दरअसल, दीपावली पर्व होने के कारण सोमवार को यश प्रिंटर्स के सभी स्टॉफ को शाम 7 बजे छुट्टी दे दी गई थी। इसके बाद परिवार के सदस्यों ने शुभ मुहूर्त में अपने प्रतिष्ठान में जाकर माता लक्ष्मी और गणेश जी की विधिवत पूजा की दीप जलाये और घर चले गये। इसके ठीक 10 मिनट बाद प्रतिष्ठान के संचालक को आस पड़ोस के लोगों ने फोन करके सूचना दी कि उनकी दुकान में आग लग चुकी है। ऐसे में समय न गंवाते हुए संचालक अपने दुकान पहुंचे और शटर खोलने की कोशिश की मगर तब तक अंदर आग इसकदर भड़क चुकी थी कि शटर खोलकर अंदर प्रवेश करना खतरे से खाली नहीं था। ऐसे में तत्काल दमकल विभाग को अग्नि दुर्घटना की सूचना दी गई और आसपास के लोगों ने अपने घरों और प्रतिष्ठानों के पानी से आग बुझाने का प्रयास जारी रखा। जब तब फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंचती आग ने पूरे यश पिं्रटर्स को अपनी चपेट में ले लिया था। दुकान के अंदर से इस कदर आग की लपटें उठ रही थी कि देखने वालों के भी रौंगटे खड़े हो जा रहे थे। ऐसे में मौके पर पहुंचते ही दमकल की टीम ने अपना काम शुरू कर दिया मगर आग की विभिषिका कम होने का नाम नहीं ले रही थी। इस बीच पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंच गयी थी। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की दो और गाड़ियां मौके पर बुलाई गई और आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रखा गया। तब कहीं जाकर देर रात तक यश प्रिंटर्स में लगी आग शांत हो सकी मगर तब तक अंदर रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह से खाक हो चुका था। हालांकि इतनी भयावह आग कैसे लगी… इसका अब तक पता नहीं चल सका है। प्रतिष्ठान संचालक की मानें तो इस अग्नि दुर्घटना में तकरीबन 2 करोड़ की क्षति उन्हें पहुंची है।
दीपावली की रात हुई इस अग्नि दुर्घटना ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया। घटना की खबर मिलते ही मौके पर काफी भीड़ लग गई। आसपास के लोगों ने खुद से जितना बन पड़ा, आग पर काबू पाने का प्रयास किया। चूंकि आग दुकान के पीछे तक पहुंच चुकी थी, ऐसे में आग आसपास के इलाके में न फैले, इसको लेकर भी लोग भयभीत थे हालांकि क्षेत्रवासियों के प्रयासों से ऐसी स्थिति ही नहीं बनी मगर इस घटना के बाद एक बार फिर से शहर में मिनी फायर ब्रिगेड के अभाव को लेकर सवाल उठने लगे हैं क्योंकि अगर दमकल विभाग के संसाधनों में यह उपलब्ध होती तो आग बुझाने में और भी आसानी होती। फिलहाल सोमवार की रात हुई इस अग्नि दुर्घटना के बाद दमकल विभाग और प्रशासन को एक बार इस बारे में गंभीरता से विचार और पहल करने की दरकार महसूस की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button