अग्रोहा धाम में सुविधाओं के विस्तार हेतु बीस हजार वर्गफुट के हाल और 30 कमरों के निर्माण के लिए हुआ भूमि पूजन,दो वर्ष के अंदर होगा निर्माण

रायगढ़ 2 अक्टूबर ।विजयादशमी के पावन दिन पर आज भगवानपुर रोड स्थित अग्रोहा धाम में सुविधाओं के विस्तार के लिए अग्रोहा धाम के ट्रस्टियों और अग्र समाज के वरिष्ठ जनों की उपस्थिति में भूमिपूजन सम्पन्न हुआ । अग्रोहा धाम के विस्तार के फेस 2 में लगभग बीस हजार वर्ग फूट का हाल और 30 कमरों का निर्माण किया जाएगा ।दो वर्षों के अंदर निर्माण कार्य को पूर्ण कर इसे सर्व समाज को समर्पित किया जाएगा।
रायगढ़ के भगवानपुर रोड में अग्र समाज द्वारा भव्य अग्रोहा धाम का निर्माण किया गया है ताकि सर्व समाज के लोगों को इसका लाभ मिल सके और शादी-विवाह सहित अन्य कार्यक्रमों के लिए उन्हें कहीं बाहर न जाना पड़े। अग्रोहा धाम में फिलहाल वो हर जरूरी सुविधा उपलब्ध है जिसकी कल्पना लोग करते हैं। वर्तमान में यहां 84 कमरे भी मौजूद हैं जहां बड़ी से बड़ी पार्टी या शादी समारोह संपन्न हो सकता है ।इसके बावजूद यहां पर एक भव्य हॉल की कमी महसूस की जा रही थी । वर्तमान में यहां मौजूद हॉल आयोजनों के लिहाज से काफी छोटा पड़ने लगा है। जिसके चलते यहां भव्य और अत्याधुनिक हॉल निर्माण की आवश्यकता हर वर्ग की ओर से जतायी जा रही थी। जिसे अग्रोहा धाम चौरिटेबल ट्रस्ट ने गंभीरता से लिया और अब इस दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। सर्व समाज की राय पर ही अग्रोहा धाम चौरिटेबल ट्रस्ट ने अग्रोहा धाम का विस्तार करते हुए यहां 20 हजार स्क्वायर फीट का भव्य हॉल और 30 अतिरिक्त कमरों का निर्माण करने का निर्णय लिया गया है जिसके लिए दशहरा के पावन पर भूमिपूजन का कार्य भी संपन्न हो गया है। बुधवार की सुबह अग्रोहा धाम चौरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष, सचिव और तमाम ट्रस्टियों और वरिष्ठजनों की मौजूदगी में पूरे विधि विधान के साथ पूजा अर्चना कर नव निर्माण के लिए नींव रखी गई। साथ ही सभी अग्र जनों से पहले ही तरह ही सर्व समाज के लिए किये जा रहे इस पुनीत कार्य के लिए सहयोग प्रदान करने की अपेक्षा की गई है। ट्रस्ट की ओर से भव्य हॉल और अतिरिक्त कमरों के निर्माण कार्य को 2 साल के अंदर पूर्ण करने का लक्ष्य रखा गया है।
अग्रोहाधाम में होने वाले इस नवनिर्माण कार्यों के भूमिपूजन समारोह में अग्र समाज से काफी संख्या में लोग शामिल हुये। सभी ने ट्रस्ट की ओर से लिये गये इस निर्णय की सराहना की और सर्व समाज के हितों के लिए इसे आवश्यक बताया। अग्रोहा धाम में अत्याधुनिक हॉल और अतिरिक्त कमरों का निर्माण होने के बाद सर्व समाज को पहले से भी अच्छी सुविधा यहां मिलने लगेंगी।



