रायगढ़

पूंजीपथरा मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, पिता पुत्र की मौत, दो गंभीर

रायगढ़ 17 फरवरी | सड़क हादसों के लिए कुख्यात रायगढ़ पूंजीपथरा मार्ग पर आज दोपहर तराईमाल के निकट एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ जाने के कारण मोटरसाइकिल पर सवार पिता और पुत्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि महिला और एक अन्य मासूम गंभीर रूप से घायल हो गए।
जिन्हें रायगढ़ के केजीएच में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है।

प्राप्त विवरण के अनुसार पूंजीपथरा थाना क्षेत्र के ग्राम तुमीडीह निवासी मोहम्मद अशरफ कुरैशी अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ मोटर साइकिल से दोपहर लगभग 12 बजे अपने पुत्र के इलाज के लिए रायगढ़ जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी मोटर साइकिल को अपनी चपेट में लेते हुए जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह टक्कर इतनी भयंकर थी कि मोहम्मद अशरफ कुरैशी और उनके 8 वर्षीय पुत्र आफताब कुरैशी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में पत्नी और एक अन्य बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख पुकार और अफरा तफरी का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को इस दुर्घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को रायगढ़ के के जी एच अस्पताल पहुंचाया तथा शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
स्थानीय लोगों का कहना था कि यह क्षेत्र पहले भी कई दुर्घटनाओं का गवाह बन चुका है। तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा उपायों की कमी के कारण यहां लगातार सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस दुर्घटना ने एक बार फिर से सड़क दुर्घटना से बचाव के लिए किए जा रहे उपायों की पोल खोलकर रख दी है।
स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से यह अपील की है कि इस मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबावों को नियंत्रण करने हेतु स्पीड कंट्रोल, चेतावनी संकेतक और नियमित यातायात निगरानी अति आवश्यक हो चला है। जिसके इस मार्ग पर घटित होते दुर्घटनाओं पर लगाम लगाया जा सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button