
रायगढ़।रायगढ़ लोकसभा के लिए 2019 में हुए चुनाव में भाजपा ने सारंगढ़ विधानसभा में कमाल का प्रदर्शन किया था इसलिए 2024 के चुनाव में सबकी नजरें सारंगढ़ विधानसभा में भाजपा ,कांग्रेस ,बसपा के प्रदर्शन पर टिकी रहेंगी क्योंकि कांग्रेस ने इस बार अपना उम्मीदवार सारंगढ़ विधानसभा से बनाया है ।2018 में सारंगढ़ विधानसभा में कांग्रेस जीती थी और 2023 में भी सारंगढ में कांग्रेस का कब्जा बरकरार है।
2018 में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में सारंगढ़ विधानसभा से भाजपा को 52 हजार से भी अधिक वोटों के अंतर से करारी हार का सामना करना पड़ा था लेकिन जब 2019 में लोकसभा के चुनाव हुए तो सारंगढ में भाजपा ने जबरदस्त वापसी करते हुए जहां 52 हजार से अधिक वोटों का गढ्ढा ही नहीं पाटा बल्कि 6325 वोटों की बढ़त लेने में सफल हो गई ।
सारंगढ़ विधानसभा के लिए 2018 में हुए चुनाव में कांग्रेस की उम्मीदवार उत्तरी जांगड़े को101834 वोट मिले थे ।भाजपा की प्रत्याशी केराबाई मनहर को 49445 तथा बसपा के उम्मीदवार अरविंद खटकर को 31083 वोट मिले थे ।इस तरह यह चुनाव कांग्रेस की उत्तरी जांगड़े अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा की केराबाई मनहर से 52389 वोटों के अंतर से जीतने में सफल हो गई।
रायगढ़ संसदीय सीट के लिए 2019 में हुए चुनाव में इस सीट में आनेवाली सारंगढ़ विधानसभा में रायगढ़ लोकसभा सीट से भाजपा की उम्मीदवार गोमती साय को 86652 ,कांग्रेस के उम्मीदवार लालजीत सिंह राठिया को 80327 ,तथा बसपा के प्रत्याशी इन्नोसेन्ट कुजूर को 10618 वोट मिले थे ।इस तरह लोकसभा चुनाव में सारंगढ़ विधानसभा में भाजपा को कांग्रेस के ऊपर 6325 वोटों की बढ़त हासिल हुई थी ।
2023 में सम्पन्न हुए विधानसभा चुनाव में सारंगढ़ विधानसभा सीट से कांग्रेस की उम्मीदवार उत्तरी जांगड़े को 109484 वोट ,भाजपा की शिवकुमारी चौहान को 79789 तथा बसपा प्रत्याशी नारायण रत्नाकर को 13215 वोट मिले थे इस तरह उत्तरी जांगड़े 29695 वोटों के अंतर से चुनाव जीतने में सफल रहीं ।
रायगढ़ लोकसभा सीट के लिए आसन्न चुनाव में सारंगढ़ विधानसभा में कांग्रेस ,भाजपा और बसपा कैसा प्रदर्शन करेगी यह तो आनेवाला वक्त ही बताएगा लेकिन सारंगढ़ विधानसभा पर राजनैतिक प्रेक्षकों की निगाह जरूर लगी रहेगी ।



