रायगढ़

सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए रायगढ़ यातायात पुलिस की सघन कार्रवाई जारी,मोटर व्हीकल एक्ट के तहत एक ही दिन में रिकार्ड 120 वाहनों में ₹1,51,700 का चालान

रायगढ़, 22 मई 2026। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन पर जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से रायगढ़ यातायात पुलिस द्वारा प्रतिदिन सघन प्रवर्तन कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में दिनांक 21.05.2026 को डीएसपी ट्रैफिक श्री उत्तम प्रताप सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस टीम द्वारा हाईवे एवं शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया।

अभियान के दौरान सबसे अधिक कार्रवाई गेरवानी–पूंजीपथरा मार्ग पर की गई, जहां भारी वाहनों के विरुद्ध रिकॉर्ड चालानी कार्रवाई की गई। इसके अलावा शहर एवं अन्य प्रमुख मार्गों पर ओवर स्पीड, खतरनाक तरीके से वाहन चलाना, नो पार्किंग, रजिस्ट्रेशन नंबर नियमों का उल्लंघन, तीन सवारी, बिना हेल्मेट तथा बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। पूरे अभियान में कुल 120 प्रकरण दर्ज कर वाहन चालकों से ₹1,51,700 की चालानी राशि वसूली गई।

गौरतलब है कि एसएसपी श्री शशि मोहन सिंह द्वारा सड़क हादसों को अत्यंत गंभीरता से लिया जा रहा है। हाल ही में पुसौर थाना क्षेत्र में हुए दो गंभीर सड़क हादसों में आरोपित वाहन चालकों के विरुद्ध पुलिस द्वारा आपराधिक मानव वध की गंभीर धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। रायगढ़ पुलिस द्वारा स्पष्ट संदेश दिया गया है कि सड़क पर लापरवाही और नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

         रायगढ़ पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई तक सीमित नहीं है, बल्कि वाहन चालकों में जिम्मेदार यातायात व्यवहार विकसित करना भी है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में प्रभावी कमी लाई जा सके और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

       इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने कहा कि — “सड़क पर लापरवाही किसी भी परिवार के लिए बड़ी त्रासदी बन सकती है। तेज रफ्तार, खतरनाक ड्राइविंग और यातायात नियमों का उल्लंघन सीधे लोगों की जिंदगी को खतरे में डालता है। यातायात नियमों का पालन प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। रायगढ़ पुलिस द्वारा नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। सभी वाहन चालक सुरक्षित यातायात के लिए जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाएं और अपनी तथा दूसरों की जिंदगी सुरक्षित रखें।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button