छठ पूजा के लिए यूपी ,बिहार जाने वाले यात्रियों की बस और ट्रेनमें बढ़ी भीड़, यात्री हो रहे परेशान

रायगढ़ 20 अक्टूबर । छठ पूजा चार दिनों तक चलने वाला लोक आस्था का महापर्व 25 अक्टूबर से शुरू होगा। ऐसे में रायगढ़ में आकर बसे यूपी और बिहार के लोग इस महापर्व में अपने घरों की ओर कूच करने लगे हैं मगर ट्रेनों में लंबी वेटिंग और बसों में भारी भीड़ के चलते उन्हें काफी सुविधा का सामना करना पड़ रहा है। कहने को तो रेलवे ने रायगढ़ को एक छठ स्पेशल ट्रेन की सौगात दी है मगर वह यात्रियों के लिए नाकाफी साबित हो रही है।

लोक आस्था का महापर्व छठ पूजा 25 अक्टूबर से शुरू होगी और इसका समापन 28 अक्टूबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा। छठ पूजा हर साल कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की चतुर्थी तिथि से सप्तमी तिथि तक चार दिनों तक चलने वाला महापर्व है, जिसमें मुख्य रूप से सूर्य देव और छठी मैया की पूजा होती है। रायगढ़ एक औद्योगिक जिला है जहां काम करने के लिए काफी संख्या में यूपी और बिहार से आकर भी लोग रहते हैं और हर साल छठ पूजा पर अपने गांव, अपने घर लौटते हैं। दीपावली के दो रोज पहले से ही यह सिलसिला प्रारंभ हो गया है। छठ पूजा मनाने के लिए अपने गांव की ओर लौटने के लिए यात्री रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड में भीड़ उमड़ने लगी है मगर त्यौहारी सीजन में दोनों ही जगह यात्रियों को परेशान होना पड़ रहा है। रायगढ़ से यूपी के लिए दो बसें तो बिहार के 7 से 8 बसें चलती हैं मगर इन सभी बसों में छठ पर्व को लेकर भारी भीड़ चल रही है। हालात ये हैं कि किसी को केबिन में बैठकर जाना पड़ रहा है तोे किसी को स्लीपर शेयर करके यात्रा करना पड़ रहा है।
हालांकि रेलवे ने भी छठ पूजा को लेकर अंचलवासियों को पूजा स्पेशल ट्रेन की सौगात दी है। मगर उसमें भी वेटिंग इतनी है कि लोगों की चिंता बढ़ गयी है। साउथ बिहार एक्सप्रेस में पहले से ही नो-रूम की स्थिति बनी हुई है तो वहीं गोंदिया-पटना पूजा स्पेशल ट्रेन में स्लीपर से लेकर एसी तक में 23 और 24 अक्टूबर तक लंबी वेटिंग बनी हुई है।



