जे पी एल को आबंटित गारे-पेलमा 1कोल ब्लॉक की जनसुनवाई आगामी आदेश तक स्थगित

रायगढ़ 11 अक्टूबर । जेपीएल तमनार के गारे-पेलमा 1 कोल माइंस के लिए होने वाली जनसुनवाई को छत्तीसगढ़ पर्यावरण संरक्षण मंडल ने अपरिहार्य कारणों से आगामी आदेश पर्यन्त तक स्थगित कर दिया है। उक्ताशय का आदेश छत्तीसगढ़ पर्यावरण मण्डल द्वारा कल शुक्रवार को जारी किया गया ।
तमनार के धौराभांठा में आगामी 14 अक्टूबर को जेपीएल को आवंटित गारे-पेलमा 1 कोल ब्लॉक के पर्यावरणीय स्वीकृति को लेकर जनसुनवाई होनी थी मगर उससे पहले ही इस जनसुनवाई का चौतरफा विरोध शुरू हो गया था। इस कोल माइंस से आसपास के 14 गांव प्रभावित होने की बात कही जा रही थी और इन सभी 14 गांवों के ग्रामीण इस जनसुनवाई का शुरू से ही विरोध कर रहे थे। इसको लेकर पिछले दिनों प्रभावित गांवों के ग्रामीणों ने रायगढ़ में विशाल रैली भी निकाली थीऔर कलेक्टोरेट के सामने प्रदर्शन भी किया था
युवक कांग्रेस ने भी इस जनसुनवाई के खिलाफ प्रशासन को पूर्व में ज्ञापन सौंपा था।गत शुक्रवार को जनसुनवाई के खिलाफ युवक कांग्रेस और एनएसयूआई के नेता सड़क पर उतर आये और रैली की शक्ल में न सिर्फ क्षेत्रीय पर्यावरण अधिकारी कार्यालय पहुंचे बल्कि कार्यालय के बाहर तकरीबन एक घंटे तक नारेबाजी करते हुए जनसुनवाई को निरस्त करने की मांग की। ऐसे में मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम और पुलिस प्रशासन की को भी मौके पर पहुंचना पड़ा था और प्रशासनिक समझाईश के बाद ही यूथ कांग्रेस के नेता शांत हुए थे।



