चक्रधर समारोह में 16-17 सितंबर को सजेगा कुश्ती का अखाड़ा,देश-प्रदेश के पहलवान दिखाएंगे दांव-पेंच

रायगढ़, 15 सितम्बर 2026/ कला, संस्कृति और परंपरा के साथ खेल प्रतिभाओं को मंच देने वाला 41वां चक्रधर समारोह इस वर्ष कुश्ती के रोमांच से भी सराबोर होगा। समारोह के अंतर्गत 16 एवं 17 सितंबर को मोती महल परिसर में अखिल भारतीय एवं राज्य स्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। दो दिवसीय इस दंगल में देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से महिला एवं पुरुष पहलवान पहुंचेंगे और अपने दमखम, कौशल तथा दांव-पेंच का प्रदर्शन करेंगे।
छत्तीसगढ़ शासन के संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन रायगढ़ के संयुक्त आयोजन में होने वाली इस प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। विभिन्न वर्गों में मुकाबले होंगे और विजेता पहलवानों को आकर्षक नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

वित्त मंत्री ओपी चौधरी करेंगे प्रतियोगिता का शुभारंभ

कुश्ती प्रतियोगिता का उद्घाटन 16 सितंबर को प्रातः 11 बजे मोती महल परिसर में होगा। उद्घाटन समारोह में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता रायगढ़ लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया करेंगे। वहीं राज्यसभा सांसद श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह, छत्तीसगढ़ राज्य अंत्यावसायी सहकारी वित्त एवं विकास निगम के राज्य मंत्री दर्जा प्राप्त श्री सुरेन्द्र कुमार बेसरा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल तथा नगर पालिक निगम रायगढ़ के महापौर श्री जीवर्धन चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।

17 सितंबर को होगा समापन, विजेताओं को मिलेंगे पुरस्कार

दो दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता का समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह 17 सितंबर को शाम 6 बजे मोती महल परिसर में आयोजित होगा। समापन समारोह में वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी मुख्य अतिथि होंगे। अध्यक्षता राज्यसभा सांसद श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह करेंगे। सांसद श्री राधेश्याम राठिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शिखा रविन्द्र गबेल एवं महापौर श्री जीवर्धन चौहान विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे।