
रायगढ़ 9 मार्च । नगर निगम में सभापति के चुनाव को लेकर अब कुछ घंटे का ही समय शेष रह गया है लेकिन अब तक न तो भाजपा ने और न ही कांग्रेस ने सभापति चुनाव के लिए अपने अपने उम्मीदवार का नाम घोषित नहीं किया हैं जिससे सभापति के लिए दोनों दलों के संभावित उम्मीदवारों में बेचैनी और उत्सुकता बढ़ती जा रही है। संभावना व्यक्त की जा रही है कि दोनों पार्टी आज रविवार की रात या फिर सोमवार को ठीक नगर निगम के प्रथम सम्मेलन के पहले अपने-अपने प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर सकते है। नगर निगम की पार्षदों की 48 में से 33 सीटों पर भाजपा तो कांग्रेस 12 सीट और अन्य के खाते में तीन सीट गई है। इस तरह संख्या बल के लिहाज से देखा जाये तो नगर निगम में भाजपा का सभापति बनना तय माना जा रहा है लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस ने सभापति चुनाव में शामिल होने का निर्णय लिया है। अब देखना है कि दोनों की पार्टियां सभापति के चुनाव में किन्हें अपना अपना उम्मीदवार घोषित करती । सभापति के साथ अपीलीय समिति के सदस्यों का भी चुनाव होगा। नगर निगम में इससे पहले कांग्रेस के जयंत ठेठवार, सलीम नियारिया, भाजपा के सुभाष पांडेय, सुरेश गोयल सभापति की कुर्सी सम्हाल चुके है। नगर निगम में सोमवार को सुबह 11 बजे प्रथम सम्मेलन की प्रक्रिया शुरू कर दी जायेगी। और 12 बजे तक स्पीकर और अपील समिति के लिए नामांकन लिये जायेंगे। इसके बाद दोपहर 12 से साढ़े 12 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की जांच और साढ़े 12 से 1 बजे तक नाम वापसी का दौर चलेगा। दोपहर 1 बजकर 15 मिनट में वैध नामांकन पत्रों की जानकारी दी जायेगी और फिर उसके तुरंत बाद मतदान की तैयारी शुरू कर दी जायेगी। दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक स्पीकर और अपील समिति के लिए गुप्त मतदान का दौर चलेगा और उसके बाद परिणाम घोषित कर दिये जायेंगे।



