
रायगढ़ 22 अप्रैल। भीषण गर्मी के बीच शहर में बिजली गुल होने की समस्या ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। लगातार हो रही आंख-मिचौली से नाराज़ होकर एनएसयूआई और युवा कांग्रेस ने बुधवार को बिजली विभाग के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए कार्यालय का घेराव किया और दो दिन में सुधार नहीं होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है।
शहर में बढ़ती गर्मी के साथ ही बिजली व्यवस्था चरमराने लगी है। तपती धूप और उमस भरे मौसम के बीच बार-बार हो रही बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। हालात यह हैं कि पिछले एक सप्ताह से शहर में बिजली की आंख-मिचौली लगातार जारी है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। इसी समस्या को लेकर बुधवार को एन एस यू आई के जिलाध्यक्ष आरिफ हुसैन के नेतृत्व में एनएसयूआई के कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। उन्होंने बिजली कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान युवक कांग्रेस के प्रदेश महासचिव राकेश पाण्डेय के नेतृत्व में युवा कांग्रेसी भी प्रदर्शन में शामिल हुए और विभाग के खिलाफ नाराजगी जताई। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि दिन हो या रात, किसी भी समय बिजली बंद हो जाती है। वहीं, शिकायत दर्ज कराने के लिए जब लोग बिजली ऑफिस के नंबर पर कॉल करते हैं तो फोन रिसीव नहीं किया जाता, जिससे समस्या और गंभीर हो जाती है। एनएसयूआई ने विभागीय अधिकारियों को दो दिनों का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि तय समय में बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जनहित में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। वहीं, मामले को लेकर बिजली विभाग के अधिकारियों का कहना है कि बढ़ती गर्मी के कारण लोड बढ़ गया है, जिससे कुछ दिक्कतें आ रही हैं। हालांकि, व्यवस्था में सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और आगे भी सुधार जारी रहेगा।



