“लई के ‘खोईँचा’ में अबीर,होली खेले चली हो भवानी “पारंपरिक लोकगीतों से सजा प्रियदर्शी पैट्रोलियम परिसर का होली मिलन समारोह

रायगढ़ । नगर के प्रियदर्शी वासुदेव पैट्रोलियम परिसर मे रविवार 1मार्च की शाम फागुनी बयार बहती नजर आई।परंपरागत फाग गीतों से सजी महफिल के बीच पुआ पकवान और ठण्डाई की खूशबू दूर तक महसूस की जा सकती थी।माहौल उल्लास का और अवसर था होली मिलन समारोह का।शहर में प्रवासी विभिन्न समाज के साथ सामाजिक समरसता और मधुरता कायम करने के उद्देश्य से बीते रविवार शाम को भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया।यह आयोजन जिले के सबसे बड़े पब्लिक ट्रांसपोर्टर प्रियदर्शी वासुदेव परिवार के मुखिया राजकिशोर सिंह के छातामुड़ा स्थित प्रियदर्शी पैट्रोलियम परिसर में आयोजित किया गया।इस मिलन समारोह मे शहर की राजनैतिक, सामिजिक,औद्योगिक एवं मीडिया जगत की बहुत सी हस्तियों ने शामिल होकर आयोजन की गरिमा बढ़ाते हुए सार्थक बनाया।
होली मिलन समारोह के आरंभ में सभी अतिथियों को आयोजक प्रमुख घनश्याम सिंह(मामाजी)की ओर से रंग अबीर गुलाल लगाकर सम्मानित किया गया।आगंतुकों के सम्मान के बाद सेठ किरोड़ीमलनगर के चुनिंदा फॉग कलाकारों की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम शुरू हुआ। मुख्य गायक कलाकार सत्यनारायण यादव एवं टीम ने गणेश वंदना से से शुरुआत की। इसके बाद खेले मसाने में होली दिगम्बर,बनोरा धाम , शारदा भवानी,सिया चली अवध की ओर,समेत दर्जनों पारंपरिक होली और फॉग गीतों ने मौजूद लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया ।
पारंपरिक फॉग गीतों की गूंज के बीच सनातन संस्कृति की मनोहारी झलक देखने को मिली। इस दौरान सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और रंगों के इस पर्व को पूरे उल्लास के साथ मनाया।इस मौके पर आयोजक घनश्याम सिंह ने कहा कि ऐसे आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़ने का अवसर प्रदान करते हैं।समारोह के अंत में सभी ने एक-दूसरे को सुरक्षित और सुखद होली की शुभकामनाएं दीं और पुआ-पकवान के सहभोज के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। अंत में प्रियदर्शी वासुदेव परिवार के अभिषेक सिंह ने सभी आगंतुक अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया।
(हरेराम तिवारी)



