रायगढ़

रायगढ़ में बैंक सुरक्षा व्यवस्था की पुलिस द्वारा सघन जांच, जिलेभर में चला औचक अभियान

रायगढ़, 7 फरवरी । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी के मार्गदर्शन पर कल दिनांक 06.02.2026 को जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में संचालित बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को परखने के लिए व्यापक औचक जांच अभियान चलाया गया। अभियान के तहत सभी थाना/चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया गया था कि वे अपने-अपने क्षेत्र में स्थित बैंकों का भ्रमण कर सुरक्षा मानकों की बारीकी से जांच करें और किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जाएं।
निर्देशों के पालन में राजपत्रित अधिकारियों सहित सभी थाना व चौकी प्रभारियों ने अपने मातहत बल के साथ बैंकों का निरीक्षण किया। जांच के दौरान अलार्म सिस्टम की उपलब्धता एवं उसकी कार्यशील स्थिति, बैंक में गार्ड की तैनाती तथा आर्म्स गार्ड होने की स्थिति में उनके शस्त्र, कारतूस एवं लाइसेंस की वैधता, चेस्ट व लॉकर की व्यवस्था, कैश लाने-ले जाने के दौरान अपनाए जा रहे सुरक्षात्मक उपाय, पार्किंग प्रबंधन, बैंक अधिकारियों के पास संबंधित थाना प्रभारी, वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों एवं कंट्रोल रूम के संपर्क नंबर की उपलब्धता, बैंक के गेट-दरवाजों की सुरक्षा स्थिति, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं उनके कवरेज एरिया, अग्निशमन व्यवस्था तथा आपातकालीन संपर्क नंबर जैसी सभी आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से पड़ताल की गई।
इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों एवं सुरक्षा गार्डों से चर्चा कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही बैंक परिसरों के बाहर ठेले व दुकानदारों से संवाद कर उन्हें किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112, पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 9479193299 अथवा सीधे थाना प्रभारी को देने के लिए जागरूक किया गया।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह ने स्पष्ट किया कि
“समय-समय पर बैंकों एवं एटीएम की जांच, बैंक प्रबंधकों के साथ बैठक तथा जमीनी स्तर पर सुरक्षा ऑडिट के माध्यम से जिले की वित्तीय संस्थाओं को पूरी तरह सुरक्षित बनाना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया है कि बैंक सुरक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और नियमित निरीक्षण के जरिए व्यवस्था को लगातार सुदृढ़ किया जाता रहेगा।”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button