रायगढ़ के गांधी गंज में है, मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम का सौ वर्ष पुराना मंदिर

रायगढ़ 19 जनवरी । मर्यादा पुरुषोत्तम श्री रामचन्द्र जी का जीवन चरित्र भारतीय संस्कृति और जीवन शैली का आदर्श प्रतिनिधित्व करता है। इसीलिये आराध्य भगवान श्री रामचंद्र जी भारतीय जनमानस में एक महानायक ही नहीं वरन भारतीय स्वाभिमान के प्रतीक के रूप में विद्यमान हैं। यही कारण है कि रामजन्म भूमि अयोध्या में श्री राम मंदिर के प्राण-प्रतिष्ठा का उत्सव पूरे भारत में भारी उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। हमारे शहर रायगढ़ में भी इसकी तैयारियां जोर-शोर से चल रही है। इस समय यह लाजिमी है कि हम एक नजर रायगढ़ में स्थित राम मंदिरों व उनके इतिहास पर भी डालते चलें । इस कड़ी में कल रामगुड़ी पारा में स्थित 121 वर्ष पुराने श्री राम के मंदिर के बारे में जानकारी दी गई थी तो आज गांधी गंज में लगभग 100 साल प्राचीन प्रभु राम जी के मंदिर के बारे में बता रहे हैं ।
रायगढ़ के गांधी गंज में स्थित श्री भगवान राम का मंदिर लगभग सौ वर्ष पुराना है ।इस मंदिर का निर्माण कलानौरिया मित्तल परिवार ने 1924 में कराया था।इस मंदिर का जीर्णोद्धार 1995 में करा कर उसे भव्य स्वरूप प्रदान किया गया था ।

श्री रामानन्द काशीराम मित्तल जी ने उक्त मंदिर का निर्माण वर्ष 1924 राम नवमी के दिन किया था।
बताया जाता है कि वर्ष 1889 में वर्तमान के गाँधीगंज में वहां कराए गए भागवत कथा के समय इस बात की मंशा रखी गई थी की यहां एक मंदिर, कुआं के साथ बाजार का निर्माण हो जो बाद में मंगल बाजार का रूप लिया।
वर्तमान में आज इस स्थान को गांधी गंज के नाम से जाना जाता है।



