श्री राम का 121 वर्ष प्राचीन मंदिर , रायगढ़ के रामगुड़ी पारा में स्थित

रायगढ़ 18 जनवरी ।
कला ,संस्कृति ,धर्म की नगरी रायगढ़ में मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्री राम की पूजा ,अर्चना ,उपासना के लिए लगभग 121 वर्ष पहले 1903 में वर्तमान की पुरानी बस्ती स्थित राम गुड़ी पारा में यह मंदिर बना था ।सम्भवतः श्री राम के मंदिर के कारण इस मोहल्ले का नामकरण रामगुड़ी पारा हो गया ।
रायगढ़ के लोकप्रिय चिकित्सक डॉ प्रकाश मिश्रा ने इस पुरातन मंदिर के निर्माण के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि प्रभु राम के भक्त स्व श्री वनमाली बेहार ने रामगुड़ी पारा स्थित इस मंदिर का निर्माण कराया था जोकि स्व हुलासराम मिश्र के नाना थे ।डॉक्टर प्रकाश मिश्रा ने बताया कि श्री राम मंदिर रामगुड़ी पारा के नाम से एक ट्रस्ट भी 1971 में बनाया गया है । डॉं मिश्रा वर्तमान में इस ट्रस्ट में एक ट्रस्टी के रूप में शामिल हैं ।

इस श्री राम मंदिर में प्रभु श्री राम ,माता जानकी ,और लक्ष्मण जी की जो मूर्ति प्रतिष्ठित है वो लकड़ी से बनी हुई है जिसकी छवि इतनी आकर्षक है कि दर्शन के लिए पहुंचे लोगों को मंत्रमुग्ध करते हुए उनका मन मोह लेती है ।
रामगुड़ी पारा के श्री राम मंदिर के ठीक सामने ही उनके अनन्य भक्त और परम सेवक हनुमान जी का मंदिर भी स्थित है । वर्तमान में स्व हुलासराम मिश्रा के वंशज अशोक मिश्रा पूरे भक्तिभाव के साथ इस श्री राम मंदिर की देखभाल किया करते है ।यह मंदिर धर्मनगरी रायगढ़ की एक विरासत है जोकि इस शहर की श्री राम के प्रति आस्था को प्रगट करता है।



