
रायगढ़, 13 जनवरी 2025/ प्रदेश के कृषि मंत्री व रायगढ़ जिले को प्रभारी मंत्री श्री राम विचार नेताम ने आज वित्त मंत्री श्री ओ.पी.चौधरी के साथ पटेल पाली थोक सब्जी व फल मंडी में 4 करोड़ 87 लाख रुपए की लागत से होने वाले विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन किया। इस अवसर पर लोकसभा सांसद श्री राधेश्याम राठिया एवं राज्यसभा सांसद श्री देवेन्द्र प्रताप सिंह उपस्थित रहे।
पटेलपाली मॉडल मंडी में विकसित की जाएंगी ये सुविधाएं
पटेलपाली मंडी को मॉडर्न हाईटेक मंडी के रूप में विकसित किया जा रहा है। मंडी 17.12 एकड़ क्षेत्रफल में स्थित है। यहां 4 करोड़ 87 लाख 54 हजार रुपए की लागत से विभिन्न निर्माण कार्य किए जायेंगे। पटेल पाली मंडी के लिए स्वीकृत कार्यों में 07 छायादार चबुतरा का मरम्मत एवं नवीनीकरण कार्य किया जायेगा। परिसर में निर्मित सी.सी.रोड की मरम्मत के साथ यहां वाहनों की पार्किंग का निर्माण भी इसमें शामिल है। पटेल पाली सब्जी मंडी प्रांगण में स्ट्रीट लाईट एवं हाई मास्क लाईट की मरम्मत के साथ नवीनीकरण का कार्य किया जायेगा। इसके अलावा मेन गेट, चेक पोस्ट स्थापित करने के साथ काऊ केचर, बूम बेरियर और परिसर में सीसी टीवी कैमरा लगाने का कार्य व कम्प्यूटर सेट, तडि़त चालक लगाने का काम होगा। यहां 100 टन का धरमकांटा कम्प्यूटर सेट व अन्य जरूरी उपकरणों के साथ लगाया जाएगा। परिसर में शौचालय (पुरूष एवं महिला),पेयजल घर निर्माण किया जाएगा। बची खुची सब्जियों के गारबेज मैनेजमेंट के लिहाज से वर्मी कम्पोस्ट टंकी भी यहां बनवाई जाएंगी।




