हमार गाँव अब गाँव न रहल ,कंक्रीट क जंगल उग आइल बा,उनकर दुआर तौ हव , ऊंहा बइठे वाला केहु ना

Advertisement Carousel

हमार गांव अब गांव ना रहल

​बरसों बाद लौटा हूं अपनी माटी में,
खोजने पुरानी गलियां, वही पुराने चेहरे,
सांसों में भरने को सोंधी खुशबू
पर यह कैसा गांव है?
जहां कभी लहलहाते थे खेत,
वहां अब कंक्रीट के जंगल उग आए हैं।
​जिन पगडंडियों पर सबका सांझा हक था,
वे भी लालच की हदबंदी में सिमट गए हैं।
जहां जगह छोड़ना कभी संस्कार था,
वहां अब एक बित्ता जमीन भी गंवारा नहीं
सामंजस्य पर स्वार्थ भारी है,
अब रिश्तों में पहले जैसा अपनापा नहीं।
​न दुआर पर खटिया बिछती है,
न चौपाल पर शाम की बतकही सजती है;
'राम-राम' और 'दुआ-सलाम' की जगह अब
बड़ी-बड़ी बातों की नुमाइश होती है।
​मकान बड़े-बड़े खड़े हैं, पर उनमें बसता कोई नहीं;
बरस-दो बरस में कुछ दिन के लिए लोग आते हैं,
जड़ों से जुड़ने का रस्म-ए-रिवाज़ निभाते हैं,
और फिर शहर लौट जाते हैं।
​दरवाजे हैं, पर दस्तक खामोश है,
दुआर हैं, पर बैठने वाला कोई नहीं;
आंगन सूने हैं, किलकारियों को तरसते,
दीवारें खड़ी हैं, पर घरों में सांसें नहीं।
​खाली जमीनों में लालच के बीज पनप रहे हैं,
स्वार्थ के साए अब और गहरे हो रहे हैं;
खुले मैदान कब्जों में गुम हो रहे हैं,
और गांव के रास्ते शहर की तंग गलियों में ढल रहे हैं।
​जी पूछता है, क्या यही वह गांव है
जहां मेरा बेफिक्र बचपन दौड़ा करता था?
क्या इन्हीं दुआरों पर घंटों
बिना घड़ी देखे बातें हुआ करती थीं?
​शहर के शोर से जिस सुकून की आस में आया था,
वह अब यहां भी नहीं मिलता।
फर्क बस इतना है
शहर में कंक्रीट पहले से था,
और मेरे गांव में वह अब उग आया है।
​शायद गांव को शहर बनने की जल्दी है,
और शहर को गांव की कोई फिक्र नहीं।
​लौट तो आया हूं अपनी मिट्टी में,
मगर अपना गांव कहीं पीछे छूट गया है।
शहरीकरण का यह साया धीरे-धीरे
सब कुछ निगलता जा रहा है...
और मैं बस सोचता हूं—

हमार गांव अब गांव ना रहल...

( अभिषेक उपाध्याय)