महानदी नदी उफान पर, तटवर्ती गांवों में अलर्ट जारी,सरिया से लगे पोरथ मंदिर में घुसा बाढ़ का पानी

रायगढ़। प्रदेश में लगातार हो रही बारिश के बीच गंगरैल बांध के गेट खोल दिये जाने से महानदी का जलस्तर एकाएक बढ़ गया है,जिसके चलते अब तक शांत बह रही महानदी में उफान आते ही उसके तटवर्ती इलाकों में बाढ़ आने का खतरा उत्पन्न हो गया है। रायगढ़ जिले के पुसौर और बरमकेला के आधा दर्जन से अधिक गांवों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। सरिया से लगे पोरथ मंदिर भी चारों तरफ से पानी से घिर गया है। लगातार बढ़ते महानदी के जलस्तर से बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है। यही वजह है कि जिला प्रशासन ने भी अलर्ट जारी कर दिया है। महानदी से तट पर बसे पुसौर के गांव लिप्ती, सूरजगढ़, नदीगांव, पोरथ, बोरिदा, रानीडिही, तोरा, ठेंगागुड़ी, मोहंदी, कोर्रा, रेबो, चंघोरी, बाराडोली, परसापाली, खफरापाली, सूरसी तक बाढ़ का पानी पहुंच गया है। महानदी में अचानक पानी बढ़ने से पोरथ का प्राचीन शिव मंदिर जलमग्न हो गया है और लोग इसे देखने के लिए जमा हो रहे हैं। प्रशासन ने ग्रामीणों से अपील की है कि यदि नदी का जलस्तर और बढ़ता है और गांवों में पानी प्रवेश करने की स्थिति बनती है तो प्रशासन के निर्देशों का तत्काल पालन करते हुए सुरक्षित स्थानों पर चले जाएं।

Most Popular

Tags