रायगढ़ 20 सितंबर ।अग्र समाज के कुल पुरुष महाराजा अग्रसेन की 5150 वीं जयंती इस साल 30 सितंबर से 12 अक्टूबर तक मनाई जाएगी। इसके लिए श्री अग्रसेन सेवा संघ और श्री अग्रसेन जयंती आयोजन समिति की ओर से तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई है। जयंती के दौरान 60 से अधिक कार्यक्रम आयोजित किये जायेंगे। समिति की ओर से 6 महीने के बच्चे से लेकर बुजुर्गों तक के लिए कार्यक्रम रखे जायेंगे तो वहीं श्री अग्रसेन महाराज की शोभायात्रा भी पूरे भव्यता के साथ निकाली जायेगी। इस साल समारोह में बहुत कुछ नया भी देखने को मिलेगा। रविवार को आयोजन समिति ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर जयंती समारोह के बारे में जानकारियां साझा की।

अग्रकुल प्रवर्तक महाराजा अग्रसेन का पांच हज़ार एक सौ पचासवां जयंती महोत्सव इस साल धूमधाम के साथ मनाया जायेगा। हर साल रायगढ़ में श्री अग्रसेन सेवा संघ और श्री अग्रसेन जयंती आयोजन समिति द्वारा इसका आयोजन किया जाता है। इस साल भी समाज के कुल पुरूष महाराजा अग्रसेन जी की जयंती मनाने के लिए आयोजन समिति की ओर से पूरी रूपरेखा तैयार कर ली गई है। इस साल श्री अग्रसेन जयंती महोत्सव 30 सितंबर से 12 अक्टूबर तक मनाया जायेगा। रविवार को एक प्रेस कांफ्रेस आयोजित कर इसकी जानकारी भी साझा की गई। श्री अग्रसेन जयंती आयोजन समिति की ओर से बताया कि इस बार के आयोजन में कुछ नई प्रथाओं को भी शामिल किया गया है। जयंती महोत्सव का शुभारंभ 30 सितंबर को नटवर स्कूल में गोल्डन जुबली कपल के सम्मान और रात्रिकालीन क्रिकेट प्रतियोगिता क्रिकेट प्रतियोगिता से होगा। इसके अलावा 1 अक्टूबर को रेड क्वीन में बॉक्स क्रिकेट, 6 अक्टूबर को अग्र आनंद मेला और 7 अक्टूबर को घूमर कार्यक्रम आयोजित होगा। घूमर कार्यक्रम में जयपुर की सिंगर के साथ ही पुणे के बैंड को बुलाया गया है। इसके बाद 11 अक्टूबर को हर साल की तरह इस साल भी महाराज अग्रसेन जी की भव्य शोभायात्रा निकाली जायेगी। इस साल इसके लिए भव्य तैयारी की जा रही है। पहली बार शोभायात्रा के रूट को फूल और गुब्बारों से सजाया जायेगा तो वहीं रामनवमीं की तर्ज पर श्याम बाबा, देवसर वाली मां, रानी सती आदि की डोली भी निकाली जायेगी। पहली बार समारोह में प्रदेश स्तरीय मास्टर शेफ प्रतियोगिता का आयोजन शहर के गैलेक्सी मॉल में किया जाएगा। इसमें दो सेलिब्रिटी शेफ को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है। इसके साथ ही पहली बार रोल बॉल प्रतियोगिता और पहाड़ चढ़ो प्रतियोगिता को भी आयोजन में शामिल किया गया है। जयंती समारोह में सामाजिक सरोकारों को भी विशेष महत्व दिया गया है। रेड क्वीन में रक्तदान शिविर आयोजित किया जाएगा, जिसमें 100 से अधिक यूनिट रक्तदान का लक्ष्य रखा गया है। वहीं परिवार और समाज के लिए उल्लेखनीय योगदान देने वाली अग्र समाज की महिलाओं को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। आयोजकों के अनुसार, ऐसी महिलाओं को सम्मान दिया जाएगा जो परिवार की जिम्मेदारियां संभालने के साथ अपने कार्यों से नारी शक्ति की मिसाल पेश कर रही हैं।
प्रेसवार्ता के दौरान आयोजन समिति के पदाधिकारी और सदस्यगण मौजूद थे।



