रायगढ़, 9 अक्टूबर। पुसौर थाना क्षेत्र के ग्राम जकेला में डिग्री कॉलेज के प्रोफेसर कपूर चंद गुप्ता के अपहरण एवं लूट के सनसनीखेज मामले में रायगढ़ पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह बैस के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने पहले आरोपी सुनील सारथी निवासी छातामुड़ा को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार किया। इसके बाद लगातार दबिश, पूछताछ और घेराबंदी के जरिए मामले की साजिश का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी राजेंद्र कुमार महंत उर्फ प्रदीप महंत, उसके छोटे भाई नरेंद्र उर्फ नंदू महंत तथा ग्राम औरदा निवासी दिनेश सारथी को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे एवं निशानदेही पर कुल ₹99,100 नकद, घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, चाकू और मोबाइल फोन जब्त किए हैं। इस तरह पुलिस ने घटना के 48 घंटे के भीतर अपहरण और लूट की पूरी वारदात का पर्दाफाश किया।


