चीनी की मिठास जेब पर पड़ने लगी भारी,त्यौहारी सीजन में बिगड़ेगा घर का बजट ,मिठाई की कीमतों पर पड़ेगा असर

रायगढ़। चीनी की कीमतों में लगातार तेजी देखने को मिल रही है। कुछ समय पहले तक 40 से 44 रुपए प्रति किलो मिलने वाली चीनी के दाम अब 60 रुपए के पार पहुंच चुके हैं। गुरुवार को रायगढ़ के थोक बाजार में चीनी की कीमत प्रति बोरी 6100 रुपए रही, जबकि खुदरा बाजार में इसका भाव 61 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गया। चीनी के दामों में अचानक आई इस तेजी ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। घरों की रसोई में रोजमर्रा के उपयोग की वस्तुओं में शामिल चीनी अब महंगी होती जा रही है, जिससे घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है। खास बात यह है कि बाजार में कीमतों में लगातार बढ़ोतरी की बात सामने आ रही है, ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों की परेशानी और बढ़ सकती है। थोक व्यापारियों के अनुसार, चीनी उत्पादन में कमी और एथेनॉल निर्माण में गन्ने के उपयोग के कारण बाजार में चीनी की उपलब्धता प्रभावित हुई है। वहीं नया उत्पादन बाजार में आने में अभी करीब एक महीने का समय लग सकता है। ऐसे में तब तक चीनी के दामों में राहत मिलने की संभावना कम दिखाई दे रही है। चीनी के बढ़ते दामों का असर अब त्यौहारी बाजार पर भी पड़ने की आशंका है। रक्षाबंधन के साथ त्यौहारों का सिलसिला शुरू होने वाला है और इस दौरान मिठाई, पकवान और अन्य खाद्य पदार्थों की मांग बढ़ जाती है। ऐसे समय में चीनी महंगी होने से मिठाई कारोबारियों की लागत भी बढ़ेगी। व्यापारियों का मानना है कि यदि चीनी के दामों में इसी तरह तेजी बनी रही तो आने वाले दिनों में मिठाइयों की कीमतों पर भी इसका असर दिखाई दे सकता है। यानी त्यौहारी सीजन में चीनी की बढ़ती कीमतें न केवल घर की रसोई का बजट बिगाड़ेंगी, बल्कि बाजार में मिलने वाली मिठास भी आम लोगों की जेब पर भारी पड़ सकती है।

Most Popular

Tags