जनजातीय समाज वोट बैंक नहीं, भारत की आत्मा है : देवेंद्र प्रताप सिंहबिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर 11 से 18 नवंबर तक मनाया जाएगा जनजातीय गौरव सप्ताह

Advertisement Carousel

रायगढ़:- राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने प्रेस वार्ता में जनजातीय गौरव दिवस 2026 से जुड़े आयोजन की जानकारी देते हुए कहा 15 नवंबर को धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती है, जिसे पूरा देश जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाएगा । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के मार्गदर्शन में भाजपा 11 से 18 नवंबर तक देश के हर जनजाति बहुल जिले, विधानसभा और मंडल में जनजातीय गौरव सप्ताह मना रही है।

मोदी सरकार ने दिया सम्मान

सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मोदी सरकार ने 2021 में 15 नवंबर को 'जनजातीय गौरव दिवस' घोषित किया। 2021 में भोपाल में पहला आयोजन हुआ, रांची में बिरसा मुंडा स्मृति उद्यान एवं संग्रहालय का लोकार्पण हुआ और भोपाल के हबीबगंज स्टेशन का नाम रानी कमलापति के नाम पर रखा गया। 2022 में राष्ट्रपति खूंटी पहुंचीं। 2023 में मोदी जी उलिहातू जाने वाले पहले प्रधानमंत्री बने और वहीं से ऐतिहासिक पीएम जनमन अभियान शुरू किया। 2024 में जमुई में राष्ट्रीय कार्यक्रम हुआ और 150वीं जयंती पर पूरा वर्ष जनजातीय गौरव वर्ष के रूप में मनाया गया। 2025 में गुजरात के डेडियापाड़ा में 9,700 करोड़ से अधिक की परियोजनाएं समर्पित हुईं।

देश में 10.4 करोड़ से अधिक जनजातीय नागरिक

सांसद ने आंकड़े देते हुए कहा कि 2011 की जनगणना के अनुसार देश में 10.4 करोड़ से अधिक जनजातीय नागरिक हैं, यानी कुल जनसंख्या का 8.6 प्रतिशत। 720 अनुसूचित जनजातियां हैं, जिनमें 75 विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह हैं। 239 जिलों में जनजातीय आबादी 10 प्रतिशत से अधिक है। लोकसभा की 47 और विधानसभाओं की 568 सीटें ST के लिए आरक्षित हैं।

बजट तीन गुना से अधिक बढ़ा

सांसद श्री सिंह ने कहा कि भाजपा ने जनजाति विकास पर विशेष जोर दिया। श्रद्धेय अटल जी की सरकार ने 1999 में पहली बार अलग जनजातीय कार्य मंत्रालय बनाया, 2000 में झारखंड और छत्तीसगढ़ का गठन किया और 2003 में संथाली व बोडो भाषा को आठवीं अनुसूची में स्थान दिया। मोदी जी के नेतृत्व में 2022 में श्रीमती द्रौपदी मुर्मु देश की पहली जनजातीय महिला राष्ट्रपति बनीं। आज छत्तीसगढ़ में विष्णु देव साय, ओडिशा में मोहन चरण माझी और अरुणाचल में पेमा खांडू भाजपा के जनजातीय मुख्यमंत्री हैं। अनुच्छेद 370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर में पहली बार 9 विधानसभा सीटें ST के लिए आरक्षित हुईं।

11 से 18 नवंबर तक चलेंगे कार्यक्रम

श्री सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर 239 जनजाति जिलों और 568 ST विधानसभा क्षेत्रों, यानी 807 स्थानों तक कार्यक्रम पहुंचाने का लक्ष्य है। 11 नवंबर को प्रदेश मुख्यालयों और 12 नवंबर को जनजाति बहुल जिला मुख्यालयों पर प्रेस वार्ता, 14 नवंबर को स्मारकों व मूर्तियों की सफाई और दीपोत्सव, 15 नवंबर को जिला स्तर पर प्रतिमा और हर मंडल में चित्र पर पुष्पांजलि होगी। 16, 17 और 18 नवंबर को विधानसभा क्षेत्रों में युवा संवाद आयोजित होंगे और जनजातीय छात्रावास संपर्क अभियान के माध्यम से कार्यकर्ता छात्रावासों में जाकर विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। पूरे सप्ताह स्वाभिमान सम्मेलन, शोभायात्रा, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेलकूद व मेले, पद्म सम्मानित व्यक्तियों, 'मन की बात' के नायकों, समाजसेवियों, संतों और नायकों के परिजनों का अभिनंदन चलेगा।

राष्ट्रपति भवन में होगा संवाद, दिल्ली में साहित्य उत्सव

सरकार की ओर से जनजातीय कार्य मंत्रालय 1 से 15 नवंबर तक जनजातीय गौरव पखवाड़ा मना रहा है। 12 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु एकलव्य विद्यालयों के 200 विद्यार्थियों और विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के 200 प्रतिनिधियों से संवाद करेंगी। 12 और 13 नवंबर को नई दिल्ली में राष्ट्रीय जनजातीय साहित्य उत्सव होगा और 15 नवंबर को संसद भवन तथा उलिहातू में पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी।

अंत में सांसद ने कहा कि भाजपा के लिए जनजातीय समाज वोट बैंक नहीं, भारत की आत्मा है। 'सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास' के मंत्र से मोदी सरकार जनजातीय समाज को सम्मान, सुरक्षा और समृद्धि दे रही है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि 15 नवंबर को अपने गांव, मंडल और जिले में भगवान बिरसा मुंडा और अपने क्षेत्र के जनजातीय नायकों को श्रद्धांजलि दें।

मंच में रही मौजूदगी
सत्यानंद राठिया
सुनीति राठिया, विकास केडिया, अमल साय राठिया, दिनेश उरांव, महेश उरांव, की मौजूदगी रही

Tags