रायगढ़। चीनी के कीमतों में बढ़ोतरी के चलते रसोई में चाय का स्वाद बिगाड़ने के बाद अब महंगाई सब्जियों का जायका भी बिगाड़ रही है। शक्कर के बाद प्याज के दामों में अचानक तेजी देखने को मिल रही है। सप्ताहभर पहले 40 से 45 रुपये किलो बिक रहा प्याज अब 60 रुपये किलो तक पहुंच गया है। कीमतों में बढ़ोतरी से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों का घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है। सब्जियों के बढ़ते दामों के बीच अब प्याज ने भी लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सप्ताहभर के भीतर प्याज की कीमत में करीब 15 से 20 रुपये प्रति किलो तक का इजाफा हुआ है। पहले जहां प्याज 40 से 45 रुपये किलो बिक रहा था, वहीं अब इसकी कीमत बढ़कर करीब 60 रुपये किलो हो गई है। थोक व्यापारियों के मुताबिक नासिक से ही प्याज महंगे दामों में मिल रहा है। व्यापारियों का कहना है कि बाजार में प्याज की आवक कम होने और नई फसल आने में देरी के कारण कीमतों में तेजी आई है। अचानक बढ़े प्याज के दाम का सीधा असर आम उपभोक्ताओं की रसोई पर पड़ रहा है। खासकर गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए रोजमर्रा की जरूरत वाली सब्जियों के दाम बढ़ना घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल रहा है।


