रेत से लदी हाइवा की चपेट में आकर बाइक सवार की मौत ,जोरापाली -धनागर मार्ग पर हुआ हादसा

रायगढ़ 26 फरवरी । जोरापाली -धनागर मार्ग पर बीती हुई एक सड़क दुर्घटना में रेत से लदी तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा के एक बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में युवक की मौके पर ही दर्दनाक हो गई। घटना का बेहद दुखद पहलू यह भी है कि मृतक ही अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था ।उसकी आकस्मिक मौत से पूरे परिवार के ऊपर दुखों का पहाड़ टूट गया है।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण सड़क पर उतर आये और धनागर चौक पर चक्काजाम कर दिया । लगभग चार घण्टे तक चला चक्का जाम को प्रशासन की समझाईश के समाप्त कर दिया गया ।
सड़क हादसे में मृत युवक गेरवानी स्थित चंद्रहासिनी प्लांट में काम करता था और वहीं से लौटते वक्त यह हादसा हो गया।
धनागर से लगे ग्राम केकराभांठा निवासी गुलशन कुमार बंजारे गेरवानी स्थित प्लांट में करता था और अपनी मोटर साइकिल से रोजाना आना-जाना करता था। बुधवार की रात को जब प्लांट से वापस अपने गांव की ओर लौट रहा था तभी तकरीबन साढ़े 9 बजे धनागर चौक के पास विपरीत दिशा से आ रहे रेल से लोड एक हाईवा के चालक ने लापरवाहीपूर्वक गाड़ी चलाते हुए बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में लिया। हादसे के बाद हाईवा भी आगे जाकर लहराते हुए खेत में पलट गई। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे की खबर मिलने के बाद हाइवा के मालिक भी मौके पर पहुंचे मगर सड़क पर तड़पते घायल युवक की कोई मदद नहीं की। नतीजतन डेढ़ घंटे सड़क पर तड़पते हुए गुलशन बंजारे ने अपना दम तोड़ दिया। इस घटना की सूचना जब धनागर के ग्रामीणों को मिली तो लोग भड़क उठे और धनागर चौक में चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि रेत के अवैघ परिवहन के चलते आये दिन हादसे हो रहे हैं बावजूद इसके प्रशासन कुछ कार्रवाई नहीं कर रहा है। ग्रामीणों के अनुसार मृतक गुलशन अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था। उसकी मौत के बाद अब परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गुलशन की कमाई से ही बूढे दादा-दादी, माता-पिता और दो दुधमंुहे बच्चों की परवरिश होती थी। अब उसकी मौत के बाद पूरा परिवार सदमे में है।
ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि घटना बुधवार रात को हुई मगर रात भर प्रशासन की ओर से कोई भी अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। जिससे आक्रोशित ग्रामीणों ने दूसरे दिन भी अपना चक्काजाम जारी रखा और भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी। फिलहाल इस हादसे को लेकर ग्रामीणों में खासा आक्रोश देखा जा रहा है। ग्रामीण इस हादसे के बाद प्रशासन से अवैध परिवहन पर लगाम लगाने, सड़क में सुधार करते हुए ब्रेकर लगाने और मृतक के परिवार को हर संभव मदद करने की मांग कर रहे थे।



