रायगढ़ के शिवांश अग्रवाल का भारतीय रोल बॉल टीम में चयन

Advertisement Carousel

रायगढ़ :खेल प्रतिभाओं के दम पर रायगढ़ का नाम एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर रोशन हुआ है। शहर के होनहार खिलाड़ी शिवांश अग्रवाल ने अपनी मेहनत, प्रतिभा और शानदार खेल प्रदर्शन के दम पर भारतीय रोल बॉल टीम के लिए चयनित देश के 12 खिलाड़ियों में अपना स्थान बनाया है। विशेष गौरव की बात यह है कि इन 12 चयनित खिलाड़ियों में छत्तीसगढ़ से शिवांश एकमात्र खिलाड़ी हैं। उनकी इस उपलब्धि से पूरे छत्तीसगढ़ प्रदेश में हर्ष और गौरव का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, भारतीय रोल बॉल टीम के चयन के लिए 10 से 15 नवंबर तक बेंगलुरु में विशेष चयन शिविर आयोजित किया गया था। इसमें देशभर से 28 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। खिलाड़ियों के प्रदर्शन और प्रतिभा के गहन मूल्यांकन के बाद इनमें से 12 खिलाड़ियों का चयन किया गया, जिसमें रायगढ़ के शिवांश अग्रवाल ने भी अपनी जगह सुनिश्चित की। शिवांश 16 नवंबर को चयन शिविर से वापस रायगढ़ लौटे। अब रोल बॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा 18 नवंबर को जारी आधिकारिक पत्र के माध्यम से उन्हें भारतीय टीम के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होने की सूचना दी गई है।

यह प्रशिक्षण शिविर 25 नवंबर से 4 दिसंबर 2026 तक पुणे (महाराष्ट्र) के रोल बॉल स्टेडियम, बानेर एवं पीसीएमसी रोल बॉल ग्राउंड, पिंपरी में आयोजित होगा। प्रशिक्षण शिविर के समापन के बाद चयनित खिलाड़ी वहीं से सीधे इंदौर के लिए रवाना होंगे, जहां 6 से 9 दिसंबर तक द्वितीय जूनियर रोल बॉल वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन होना है। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में भारतीय टीम विश्व पटल पर देश का प्रतिनिधित्व करेगी।

शिवांश अग्रवाल रायगढ़ की प्रतिष्ठित फर्म ज्ञान मंदिर परिवार के विजय निगानिया के पौत्र एवं रवि अग्रवाल के सुपुत्र हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवारजनों के साथ-साथ शहर के खेल प्रेमियों और अग्र समाज में भी खुशी की लहर है।

शिवांश की इस सफलता में रायगढ़ रोल बॉल एसोसिएशन एवं छत्तीसगढ़ रोल बॉल एसोसिएशन की भूमिका भी महत्वपूर्ण रही है। रायगढ़ रोल बॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद अग्रवाल एवं छत्तीसगढ़ रोल बॉल एसोसिएशन के सचिव आबिद शबरी सर सहित खेल से जुड़े पदाधिकारियों ने शिवांश की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।

प्रदेश से हजारों युवाओं की खेल प्रतिभाओं के बीच राष्ट्रीय स्तर पर चयनित 12 खिलाड़ियों में जगह बनाना और छत्तीसगढ़ का एकमात्र प्रतिनिधि बनना शिवांश के लिए बड़ी उपलब्धि है। अब रायगढ़ सहित पूरे प्रदेश को उम्मीद है कि शिवांश अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपने खेल का शानदार प्रदर्शन कर देश का तिरंगा शान से लहराएंगे।