रायगढ़ में सुशासन तिहार का तीसरा चरण 5 मई से होगा प्रारम्भ ,समस्यायों के निराकरण में रायगढ़ जिले का स्थान चौथा :कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी

रायगढ़ 3 मई। छत्तीसगढ़ में सुशासन तिहार का तीसरा चरण 5 मई से प्रारंभ हो रहा है। इसके तहत रायगढ़ जिले के सातों ब्लॉक में कुल 89 शिविर लगाये जायेंगे और पहले चरण में प्राप्त हुए शिकायत और मांगों के आवेदन में से निराकृत हो चुके आवेदनों के आवेदकों तक जाकर इसकी जानकारी देंगे। तीसरे चरण के शिविरों में भी आमजनता से आवेदन लिये जायेंगे और उनका निराकरण किया जायेगा। इस दौरान प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी इनमें से किसी शिविर में शामिल हो सकते हैं। खास बात यह है कि जिले में सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों में से 93 प्रतिशत का निराकरण हो चुका है और आवेदनों का निराकरण करने रायगढ़ जिला प्रदेश में चौथे स्थान पर है।
उक्ताशय की जानकारी रायगढ़ के नव पदस्थ जिलाधीश मयंक चतुर्वेदी आज कलेक्टोरेट स्थित सभागार में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान दी ।
कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी ने बताया कि
प्रदेश में जनता की समस्याओं का निराकरण और उनकी मांगों को पूरा करने के लिए विष्णुदेव सरकार द्वारा सुशासन तिहार मनाया जा रहा है। इसकी शुरुआत 8 अप्रैल से की गई थी और पहले चरण में शिविर लगाकर लोगों से आवेदन लिये गये थे। पहला चरण 11 अप्रैल तक चला जिसमें रायगढ़ जिले में कुल 1 लाख 76 हजार 116 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 1 लाख 72 हजार 638 आवेदन मांगों से संबंधित थे तो वहीं 3 हजार 4 सौ 78 आवेदन शिकायतों से संबंधित थे। अब 5 मई से सुशासन तिहार के तीसरे चरण का आगाज होगा। उन्होंने बताया कि तीसरे चरण में रायगढ़ जिले में 5 मई से लेकर 31 मई तक कुल 89 शिविर लगाये जायेंगे। प्रत्येक ब्लॉक में ये शिविर आयोजित होंगे जिसमें पहले चरण में प्राप्त आवेदनों में से निराकृत हो चुके आवेदनों से संबंधित आवेदकों के निकटतम स्थान पर जाकर उन्हें इसकी जानकारी दी जायेगी। कलेक्टर श्री चतुर्वेदी ने बताया कि अच्छी बात यह है कि रायगढ़ जिले में सुशासन तिहार में प्राप्त आवेदनों में से 93 प्रतिशत आवेदनों का निराकरण किया जा चुका है जबकि शेष बचे आवेदनों के निराकरण करने की प्रक्रिया जारी है। इस तरह सुशासन तिहार में मिले आवेदनों के निराकरण करने में रायगढ़ जिला प्रदेश में चौथे स्थान पर है।
एक सवाल के जवाब में श्री चतुर्वेदी ने बताया कि तीसरे चरण में लगाये जाने वाले शिविरों में प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव से भी शामिल होंगे और किसी भी एक शिविर में अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकते हैं।
एक प्रश्न के उत्तर में कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी। ने कहा कि सुशासन तिहार के दौरान मिले आवेदनों में अधिकांश मांगें आवास, शौचालय, सड़क, नाली, उज्जवला कनेक्शन और महतारी वंदन से संबंधित मिले है। तीसरे चरण में लगने वाले शिविरों में भी आम जनता से मांग और शिकायत से संबंधित आवेदन लिये जायेंगे और उनका निराकरण किया जायेगा। सुशासन तिहार के तहत 5 मई से शुरू होने वाले तीसरे चरण के पहले दिन पुसौर के रूचिदा, खरसिया के तेलीकोट, लैलूंगा के कुंजारा, धरमजयगढ़ के छाल, तमनार, रायगढ़ के राजीव नगर सामुदायिक भवन, घरघोड़ा के गायत्री मंदिर परिसर, धरमजयगढ़ मंगल भवन खेल मैदान के पास, किरोड़ीमल नगर के आजाद चौक सांस्कृतिक भवन, पुसौर कार्यालय भवन और खरसिया के कंकुबाई धर्मशाला में शिविर आयोजित किया जायेगा।



