स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क, जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज में 20 बिस्तरों की व्यवस्था,जांच के लिए वीटीएम और आरटीपीसीआर सुविधा उपलब्ध

रायगढ़, 4 सितंबर 2026// जिले में स्वाइन फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। संभावित मरीजों की समय पर पहचान, जांच और उपचार सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य संस्थानों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं। जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज में स्वाइन फ्लू के मरीजों के उपचार के लिए अलग-अलग 10-10 बिस्तरों की व्यवस्था की गई है। आवश्यकता पड़ने पर बिस्तरों की संख्या बढ़ाई भी जा सकेगी। सीएमएचओ डॉ. अनिल जगत ने बताया कि स्वाइन फ्लू के संभावित मरीज मिलने की स्थिति में उपचार के लिए जिले में आवश्यक स्वास्थ्य व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। संदिग्ध मरीजों को अन्य मरीजों से अलग रखकर उपचार देने के लिए आवश्यक व्यवस्था की गई है। जरूरत के अनुसार विशेषज्ञ चिकित्सकों की सेवाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

जांच की सुविधा भी उपलब्ध

स्वाइन फ्लू के संदिग्ध मरीजों की जांच के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियां की गई हैं। सैंपल संग्रहण के लिए वायरल ट्रांसपोर्ट मीडिया (वीटीएम) उपलब्ध है, वहीं आरटीपीसीआर जांच की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। इससे संदिग्ध मामलों की समय पर जांच कर आवश्यक उपचार सुनिश्चित किया जा सकेगा।

ओसेल्टामिविर सहित आवश्यक दवाएं उपलब्ध

स्वाइन फ्लू के उपचार के लिए आवश्यक दवाओं की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई है। मरीजों के उपचार के लिए ओसेल्टामिविर सहित अन्य आवश्यक सहायक दवाएं उपलब्ध रखी गई हैं। संदिग्ध मरीज मिलने पर उनकी स्थिति और चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार आवश्यक जांच एवं उपचार की व्यवस्था की जाएगी।

सीएचसी और पीएचसी में होगी प्रारंभिक जांच

जिला चिकित्सालय एवं मेडिकल कॉलेज के साथ-साथ जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को भी सतर्क रखा गया है। सर्दी, खांसी, बुखार, गले में खराश अथवा सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षणों के साथ पहुंचने वाले मरीजों की चिकित्सकीय जांच की जाएगी। संदिग्ध मरीज मिलने पर आवश्यक जांच और उपचार के लिए चिकित्सकीय आवश्यकता के अनुसार आगे की व्यवस्था की जाएगी।

लक्षण दिखने पर चिकित्सकीय सलाह लें

स्वाइन फ्लू में बुखार, लगातार खांसी, गले में खराश, शरीर में दर्द, कमजोरी तथा कुछ मामलों में सांस लेने में परेशानी जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसे लक्षण दिखाई देने पर लापरवाही न बरतें और चिकित्सकीय सलाह लें। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को खांसते या छींकते समय मुंह और नाक ढकने, हाथों को नियमित रूप से साबुन-पानी से साफ करने तथा बीमारी के लक्षण होने पर भीड़भाड़ वाले स्थानों से बचने की सलाह दी है। जिले में स्वाइन फ्लू की स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है और किसी भी संभावित स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।

Most Popular

Tags