ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन,385 खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा, 14 खेल विधाओं में हुआ प्रशिक्षण

.

.

रायगढ़, 5 जून 2026। ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर का समापन उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में रायगढ़ स्टेडियम बोईरदादर में संपन्न हुआ। जिसमें कुल 385 खिलाड़ियों ने सक्रिय भागीदारी कर अपनी खेल प्रतिभा, अनुशासन एवं समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। शिविर में कुल 14 खेल विधाओं को शामिल किया गया था, जिनमें बैडमिंटन, कबड्डी, वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, फुटबॉल, क्रिकेट, ताइक्वांडो, कूडो, आर्चरी, बॉक्सिंग, किक-बॉक्सिंग, योगासन एवं वुशू प्रमुख रहे। प्रशिक्षण के दौरान खिलाड़ियों को तकनीकी कौशल, शारीरिक फिटनेस, खेल अनुशासन तथा टीम भावना के विकास पर विशेष रूप से प्रशिक्षित किया गया।
समापन समारोह में सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी, रायगढ़ श्री जीवन लाल नायक, सहायक संचालक, खेल एवं युवा कल्याण विभाग रायगढ़ श्रीमती प्रतिमा सागर, व्यायाम शिक्षक श्री जितेश्वर प्रधान, सेवानिवृत्त सहायक संचालक श्री प्रेमकिशोर प्रधान, श्री मुकेश चटर्जी सेवानिवृत्त व्यायाम शिक्षक, श्री बी.के. डनसेना सेवानिवृत्त व्यायाम शिक्षक सहित जिला स्तरीय खेल संघों के पदाधिकारी एवं प्रशिक्षकगण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उपस्थित अतिथियों ने कहा कि ग्रीष्मकालीन खेल प्रशिक्षण शिविर केवल खेल कौशल विकसित करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह बच्चों एवं युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण शिविर ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की खेल प्रतिभाओं को एक समान अवसर प्रदान करते हैं, जिससे खिलाड़ी भविष्य में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर जिले का नाम रोशन कर सकते हैं। खेल जीवन में केवल जीत-हार का माध्यम नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का एक महत्वपूर्ण साधन है, जो युवाओं को सकारात्मक दिशा प्रदान करता है। मौके पर सेवानिवृत्त व्यायाम शिक्षकों का विशेष सम्मान किया गया तथा प्रत्येक खेल से चयनित सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी (बालक/बालिका) को भी सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही सभी खेल प्रशिक्षकों को उनके योगदान हेतु मानदेय राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।