रायगढ़ में सड़क हादसों का ब्लैक सन्डे ,तीन सड़क दुर्घटनाओं में दो मृत दो घायल

रायगढ़ 30 अगस्त ।रायगढ़ के लिए रविवार का दिन सड़क हादसों के लिहाज से बेहद दर्दनाक रहा। शहर के ढिमरापुर चौक, कोतरा रोड ओवरब्रिज और बड़े रामपुर रोड पर हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। रविवार को पहला और सबसे दर्दनाक हादसा ढिमरापुर चौक में हुआ। बताया जा रहा है कि बिरकोनी गांव निवासी नंद कुमारी सिंह रक्षाबंधन के अवसर पर अपने मायके गई थीं।

रविवार को वह अपने पति राजकुमार सिंह जो कि सहायक असिस्टेंट फीडर के रूप में कार्यरत हैं, के साथ स्कूटी से वापस लौट रही थीं। इसी दौरान ढिमरापुर चौक के पास सड़क पर जमे कीचड़ के कारण उनकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर फिसल गई। स्कूटी से गिरने के बाद महिला सड़क पर जा गिरी और इसी दौरान तेज रफ्तार भारी वाहन की चपेट में आ गई। भारी वाहन का पहिया महिला के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उन्होंने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ढिमरापुर चौक में सड़क पर कीचड़ और यातायात व्यवस्था को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं। इस हादसे ने एक बार फिर सड़क की स्थिति और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। दूसरा हादसा कोतरा रोड ओवरब्रिज पर हुआ। यहां अपने गृह ग्राम कुसमुरा जा रहे बाइक सवार दंपती को पीछे से आए एक अज्ञात भारी वाहन ने टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहे रुपचंद नायक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनकी पत्नी रामवती नायक गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने कोतरा रोड थाना के बगल स्थित ओवरब्रिज पर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने सड़क सुरक्षा और लगातार हो रहे हादसों को लेकर नाराजगी जताई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभालने का प्रयास किया और लोगों को समझाइश दी। तीसरा सड़क हादसा उर्दना रोड स्थित बड़े रामपुर के पास हुआ। यहां सड़क पर कीचड़ जमा होने के कारण बाइक सवार युवकों की गाड़ी अनियंत्रित होकर फिसल गई। हादसे में एक युवक के सिर पर गंभीर चोट आई है। घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। रविवार को हुए इन तीन हादसों में से दो घटनाओं में सड़क पर जमा कीचड़ को हादसे की प्रमुख वजह बताया जा रहा है। एक ही दिन शहर के अलग-अलग हिस्सों में हुए हादसों ने सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।