प्रयागराज–विशाखापट्टनम ट्रेन का रायगढ़ में पहला फेरा, पूर्वांचल समाज में हर्ष,सुबह 6:28 बजे रायगढ़ पहुंची ट्रेन, यात्रियों ने बताया—उत्तर और दक्षिण भारत के बीच आवागमन में मिलेगी बड़ी सुविधा

रायगढ़। रेल यात्रियों की सुविधा और उत्तर एवं दक्षिण भारत के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में रेलवे द्वारा शुरू की प्रयागराज–विशाखापट्टनम साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन।शनिवार को अपने पहले फेरे में रायगढ़ पहुंची।प्रयागराज से पहली बार रायगढ़ पहुंची इस ट्रेन को लेकर पूर्वांचल समाज में खासा उत्साह देखने को मिला। ट्रेन सुबह 6: 28 बजे रायगढ़ रेलवे स्टेशन पहुंची और मात्र 1 मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन आगे गंतव्य की ओर निकल गई।
इस अवसर पर विप्र समाज के प्रतिनिधि एवं वरिष्ठ पत्रकार हरेराम तिवारी ने रायगढ़ स्टेशन पहुंचकर ट्रेन से आने वाले यात्रियों से बातचीत की और इस नई बहुप्रतीक्षित रेल सेवा को लेकर उनके अनुभव जाने। यात्रियों ने नई ट्रेन का स्वागत करते हुए इसे उत्तर भारत से रायगढ़ और आगे दक्षिण भारत तक आवागमन के लिए महत्वपूर्ण सुविधा बताया।

लंबे समय से की जा रही थी रेल सेवा की मांग

ब्राह्मण महासंघ जिला इकाई के अध्यक्ष हरेराम तिवारी ने कहा कि प्रयागराज–विशाखापट्टनम रेल सेवा की मांग लंबे समय से की जा रही थी। इस ट्रेन के शुरू होने से प्रयागराज,उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों से आने वाले यात्रियों के साथ-साथ छत्तीसगढ़, ओडिशा और आंध्र प्रदेश की ओर जाने वाले यात्रियों को भी काफी राहत मिलेगी।उन्होंने कहा कि यह रेल सेवा केवल यात्रियों के आवागमन का माध्यम नहीं,बल्कि उत्तर और दक्षिण भारत के बीच सामाजिक,धार्मिक,व्यावसायिक एवं पारिवारिक संपर्क को मजबूत करने वाली कड़ी साबित होगी। उन्होंने रेल मंत्री एवं रेल प्रबंधन से इस स्पेशल ट्रेन को यात्रियों की मांग और उपयोगिता को देखते हुए
स्थायी रूप से नियमित ट्रेन के रूप में संचालित करने की मांग की।

नवंबर तक चलेगी स्पेशल ट्रेन

रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में 16-16 फेरे लगाएगी और नवंबर 2026 के अंत तक उपलब्ध रहेगी। प्रयागराज से यह ट्रेन प्रत्येक शुक्रवार को तथा विशाखापट्टनम से प्रत्येक शनिवार को रवाना होगी। प्रयागराज से इसका संचालन 14 अगस्त से 27 नवंबर के बीच निर्धारित है।

ट्रेन में कुल 22 कोच हैं, जिनमें 1 एसी सेकेंड, 4 एसी थर्ड, 3 एसी थर्ड इकोनॉमी, 7 स्लीपर, 5 सामान्य तथा 2 एसएलआर/गार्ड कोच शामिल हैं।

कई प्रमुख शहरों को जोड़ेगी

प्रयागराज और विशाखापट्टनम के बीच संचालित यह ट्रेन मानिकपुर, सतना, कटनी, डभौरा, शहडोल, बिलासपुर, रायगढ़, संबलपुर, बलांगीर और विजयनगरम* सहित कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इससे इन क्षेत्रों के यात्रियों को भी एक अतिरिक्त रेल विकल्प उपलब्ध होगा।

रायगढ़ में पहले फेरे के दौरान यात्रियों में नई रेल सेवा को लेकर उत्साह दिखाई दिया। यात्रियों ने उम्मीद जताई कि यदि इस ट्रेन को नियमित किया जाता है तो इससे रायगढ़ सहित पूरे क्षेत्र के लोगों को लंबे समय तक इसका लाभ मिल सकेगा। वहीं पूर्वांचल समाज ने भी इसे लंबे समय से चली आ रही मांग की महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए रेलवे से सेवा को नियमित करने की दिशा में पहल की अपेक्षा जताई है।
हरेराम तिवारी ,वरिष्ठ पत्रकार

Most Popular

Tags