पत्नी की हत्या कर चार माह से फरार पति गिरफ्तार ,तमिलनाडु में काटी फरारी ,गांव पहुंचने पर पुलिस के हत्थे चढ़ा

रायगढ़ 29 अगस्त। एसएसपी शशि मोहन सिंह के दिशा निर्देशन में जिले में लंबित अपराधों के फरार आरोपियों एवं फरार वारंटियों की गिरफ्तारी हेतु चलाए जा रहे “ऑपरेशन क्लीन हंट” के तहत कापू पुलिस को पत्नी की हत्या कर करीब चार माह से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को फरार आरोपी के गांव आने की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा को गिरफ्तार किया। आरोपी घटना के बाद से तमिलनाडु में फरारी काट रहा था।
थाना प्रभारी कापू निरीक्षक धर्माराम तिर्की को सूचना मिली कि हत्या का फरार आरोपी कार्तिक राम पहाड़ी कोरवा अपने गांव गुड़ाआमा इंचपारा पेलमा आया हुआ है। सूचना पर पुलिस टीम द्वारा तत्काल घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि घटना दिनांक को वह अपनी पत्नी ननकी बाई के साथ चावल खरीदने ग्राम घोघरा बाजार गया था। रास्ते में दोनों ने शराब का सेवन किया था। वापस घर आते समय गाड़ा घुटरा जंगल-पहाड़ी रास्ते के पास उसकी पत्नी नशे की हालत में रास्ते में सो गई।
आरोपी के अनुसार घर चलने की बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने पत्नी के साथ हाथ-मुक्का एवं वहीं से लकड़ी डंडा उठाकर मारपीट की तथा पास पड़े पत्थर से उसके सिर पर बार-बार वार कर दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई।
आरोपी ने बताया कि घटना के बाद गिरफ्तारी के भय से वह तमिलनाडु फरार हो गया था तथा पुलिस से बचने के लिए मोबाइल फोन का उपयोग नहीं कर रहा था।