रायगढ़ में भाजपा का संकल्प: गुरु रविदास के 650वें जयंती वर्ष पर 'समरसता संकल्प अभियान', दीप से लेकर यात्रा तक होंगे बड़े आयोजन:- निर्मल सिन्हा

रायगढ़:- संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज के 650 वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी पूरे देश में समरसता संकल्प अभियान चलाने जा रही है। अभियान की जानकारी देते हुए भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल सिन्हा ने मंगलवार को रायगढ़ में प्रेस वार्ता ली। संत रविदास जी के समानता के सिद्धांतो से अवगत कराते हुए निर्मल सिन्हा ने कहा संत रविदास 15 वीं शताब्दी के महान संत, कवि और समाज सुधारक थे। उन्होंने अपनी वाणी से मनुष्य-मनुष्य एक समान का संदेश दिया। रविदास जी ने कहा कि बाहर की जाति, कपड़े या पूजा से इंसान बड़ा-छोटा नहीं होता। जिसका मन साफ है, वही सच्चा इंसान है। गंगा नहाने से नहीं, मन शुद्ध करने से मुक्ति मिलती है। रविदास जी ने बेगमपुरा यानी बिना दुख, , बिना भेदभाव वाले शहर की कल्पना की। बेगम पूरा शहर का आशय वहां न कोई राजा है न रंक, न कोई ऊंचा है न नीचा। सबको बराबर अधिकार और सम्मान मिलेगा। उन्होंने जाति-व्यवस्था को सिरे से नकारये हुए कहा था कि इंसान का मूल्य उसके काम और चरित्र से तय होता है, जन्म से नहीं। जातियों की जकड़न तोड़ने का आह्वान किया। रविदास जी ने कहा कि एक ही ईश्वर सबमें बसता है।तो फिर मंदिर-मस्जिद, ऊंच-नीच की व्यवस्था क्यों ? ईश्वर के दरबार में सब बराबर हैं।रविदास जी का मूल मंत्र समानता, समरसता और स्वाभिमान रहा। उन्होंने दलितों को आत्मसम्मान दिया और समाज को सबके लिए बराबर रहने का मार्ग बताया । आज भी बेगमपुरा का उनका सपना सामाजिक न्याय और समानता की सबसे बड़ी प्रेरणा है। निर्लम सिन्हा ने कहा संत रविदास के सिद्धांत भाजपा की राजनीति का आधार है।भविष्य में होने वाले आयोजनों के संबंध में निर्मल सिन्हा ने बताया कि यह अभियान 29 जुलाई 2026, आषाढ़ पूर्णिमा से 20 फरवरी 2027, माघ पूर्णिमा तक चलेगा। इसका उद्देश्य गुरु रविदास जी के समानता, सामाजिक न्याय और मानवता के संदेश को देश के कोने कोने और घर-घर तक पहुंचाना है। आयोजन पर प्रकाश डालते हुए निर्मल सिन्हा ने कहा रविदास जयंती के 650 वर्ष पूरे होने पर समरसता दीप महोत्सव - 29 जुलाई से प्रारंभ होगा। गुरु पूर्णिमा की संध्या पर देशभर के 51 हजार मंदिरों में दीप प्रज्ज्वलित होंगे। वाराणसी के संत रविदास घाट पर 11 हजार दीप जलाए जाएंगे। साथ में भजन, प्रवचन और भंडारे का आयोजन होगा। कलश वंदन अभियान एक 29 जुलाई से 10 सितंबर तक जारी रहेगा। वाराणसी स्थित जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर से पवित्र मिट्टी के 131 कलश प्रदेशों को भेजी जाएगी । इन्हें 21 हजार कलशों में स्थापित कर गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा। संत संपर्क अभियान 29 जुलाई से 31 अगस्त तक होगा । हर जिले में पार्टी पदाधिकारी गुरु रविदास परंपरा से जुड़े संतों से भेंट कर उनका सम्मान करेंगे और सामाजिक समरसता का संदेश देंगे। समरसता यात्रा 5 अक्टूबर से 5 नवंबर तक जारी रहेगी। डेरा सचखंड बल्लां, जालंधर से वाराणसी तक रथ यात्रा निकलेगी। यह जम्मू-कश्मीर, हिमाचल, हरियाणा, दिल्ली सहित कई राज्यों से गुजरेगी। छात्रावास संपर्क अभियान 26 नवंबर से 15 जनवरी तक जारी रहेगा। देशभर के छात्रावासों में समरसता संवाद कर युवाओं को गुरु रविदास के विचारों से जोड़ा जाएगा।
प्रदेश उपाध्यक्ष निर्मल सिन्हा ने कहा गुरु रविदास जी का 'बेगम-पुरा' का सपना ही प्रधानमंत्री मोदी जी के सबका साथ, सबका विकास' का आधार है। यह अभियान केवल आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और राष्ट्रीय एकता का जनआंदोलन है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, संत-महात्माओं और युवाओं से अभियान में भागीदारी का आह्वान किया। प्रेस वार्ता में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
इनकी रही उपस्थिति
गुरुपाल सिंह भल्ला,सुभाष पांडे विवेकरंजन सिन्हा,विकास केडिया जीवर्धन चौहान अरुण कातोरे, पावन अग्रवाल ,पवन शर्मा,अनुपम पाल ,डिग्री लाल ,सुषमा खलखो, यशवंत कुमार शिंदे सहित भाजपा के पदाधिकारियों की मौजूदगी रही।

Most Popular

Tags