बारिश, नमी और तेज हवाओं से धान को सुरक्षित रखने , उपार्जन केंद्रों में सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें – कलेक्टर

Advertisement Carousel

रायगढ़, 20 नवंबर 2026/ अकवान तूफान के चलते बारिश की संभावना को देखते हुए ,धान को भीगने से बचाने के लिए और उसे सुरक्षित रखने हेतु खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी और उपार्जित धान की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। संभावित मौसमी बदलाव को देखते हुए जिले के सभी धान उपार्जन केंद्रों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी ने कहा है कि बारिश, नमी और तेज हवाओं के कारण उपार्जित धान को किसी भी प्रकार का नुकसान नहीं होना चाहिए। इसके लिए जिले की 79 सहकारी समितियों के अंतर्गत संचालित सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने तथा भंडारित धान की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए हैं।

धान के हर स्टैक की सुरक्षा के लिए कैप कवर और तिरपाल अनिवार्य

प्रशासन ने सभी उपार्जन केंद्रों में पर्याप्त मात्रा में कैप कवर, पन्नी और तिरपाल उपलब्ध रखने के निर्देश दिए हैं। तेज हवाओं से धान के स्टैक को सुरक्षित रखने के लिए उन्हें रस्सियों से मजबूती से बांधने को कहा गया है। वहीं, जमीन की नमी और पानी के संपर्क से धान को बचाने के लिए पर्याप्त डनेज अर्थात चबूतरे, लकड़ी अथवा भूसे की परत की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही उपार्जन केंद्रों के फड़ के आसपास जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने, नालियों की सफाई कराने तथा बारिश का पानी जमा नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया गया है। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य प्रतिकूल मौसम में भी उपार्जित धान की गुणवत्ता बनाए रखना और उसे सुरक्षित रखना है।

मुख्यालय में रहेंगे केंद्र प्रभारी, सप्ताहांत में होगा भौतिक सत्यापन

धान खरीदी एवं भंडारण व्यवस्था की सतत निगरानी के लिए सभी उपार्जन केंद्र प्रभारियों और समिति कर्मचारियों को 20 से 22 नवंबर तक अनिवार्य रूप से अपने मुख्यालय में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान उन्हें केंद्रों में उपलब्ध धान की सुरक्षा और आवश्यक व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखनी होगी। इसके अलावा सभी खाद्य अधिकारियों को अपने नोडल अधिकारियों के माध्यम से प्रत्येक शनिवार एवं रविवार को सभी उपार्जन केंद्रों का अनिवार्य भौतिक सत्यापन (पीवी) कराने के निर्देश दिए गए हैं। सत्यापन के दौरान कैप कवर, डनेज, तिरपाल, जल निकासी और धान के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था का निरीक्षण किया जाएगा।