रायगढ़ के खर्राघाट में 29.99 करोड़ के विकास कार्यों का वित्तमंत्री ओपी चौधरी ने किया भूमिपूजन,केलो तट के स्थायी विकास के साथ 8.50 एकड़ में बनेगा ऑक्सीजोन

रायगढ़, 24 सितम्बर 2026/ सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को खर्राघाट में स्वच्छता अभियान के साथ केलो नदी तट के स्थायी विकास की शुरुआत हुई। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक श्री ओ.पी.चौधरी ने 29.99 करोड़ रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन किया और स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों ने भी अभियान में हिस्सा लेकर खर्राघाट घाट और आसपास के क्षेत्र की सफाई की।


कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रगीत, राष्ट्रगान और छत्तीसगढ़ राज्यगीत के साथ हुई। इसके बाद स्वच्छता अभियान चलाया गया। वित्त मंत्री श्री चौधरी ने स्वयं श्रमदान करते हुए कहा कि केवल एक दिन की सफाई से स्वच्छता कायम नहीं रह सकती। इसके लिए निरंतर प्रयास और नागरिकों की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से केलो नदी, घाट और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। इसी दौरान वित्त मंत्री ने केलो नदी में डुबकी लगाई और नदी को नमन किया। उन्होंने कहा कि केलो नदी रायगढ़ की पहचान, आस्था और संस्कृति से जुड़ी है। इसी भाव के साथ खर्राघाट को स्वच्छ रखने के साथ इसे स्थायी रूप से विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
वित्त मंत्री श्री चौधरी ने कहा कि खर्राघाट में होने वाला विकास केवल घाट के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेगा। यहां ऑक्सीजोन, घाट, पैदल पथ, जिम, मॉर्निंग वॉक और नाइट वॉक जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परिवारों के साथ समय बिताने के लिए भी बेहतर सार्वजनिक स्थान तैयार किया जाएगा। उन्होंने बताया कि खर्राघाट से शनि मंदिर की दिशा में आगे मरीन ड्राइव विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है, जिससे केलो नदी तट का विकास आगे बढ़ सके।

शनि मंदिर से खर्राघाट तक 2 कि.मी. क्षेत्र होगा विकसित

परियोजना के तहत शनि मंदिर से खर्राघाट पुल तक करीब 2 किलोमीटर सड़क का सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन किया जाएगा। सड़क के साथ नाली निर्माण, पैदल पथ और नदी तट का सौंदर्यीकरण होगा। पचरी घाट का नवीनीकरण एवं सुधार किया जाएगा तथा घाट को पाथवे से जोड़ने के लिए संपर्क मार्ग विकसित किया जाएगा। शनि मंदिर के पास तिराहे का चौड़ीकरण कर यातायात व्यवस्था को भी बेहतर किया जाएगा। खर्राघाट में करीब 8.50 एकड़ में ऑक्सीजोन विकसित किया जाएगा। यहां सघन पौधरोपण, पार्किंग, पाथवे, घाट तथा व्यायाम एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं होंगी। ऑक्सीजोन और घाट के बीच सुरक्षित आवागमन के लिए मौजूदा पुल के नीचे अंडरपास यानी बॉक्स कल्वर्ट बनाया जाएगा। वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ शहर में हरित क्षेत्रों के विस्तार पर भी लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में विकसित किए जा रहे गार्डन और ऑक्सीजोन का उल्लेख करते हुए आने वाले वर्षों में इनके विस्तार की बात कही। उन्होंने पांच साल में 10 से अधिक ऑक्सीजोन विकसित करने का लक्ष्य भी बताया। खर्राघाट का ऑक्सीजोन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल होगा।

29.99 करोड़ की स्वीकृति, 26.39 करोड़ में हुआ अनुबंध

परियोजना के लिए सीएसआर मद से 29.99 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति मिली है। कार्य की अनुबंधित राशि 26.39 करोड़ रुपये है। कार्यादेश 24 जून 2026 को जारी किया गया है और कार्य को दो वर्ष की अवधि में पूरा किया जाना है। वित्त मंत्री ने कहा कि कोशिश रहेगी कि कार्य निर्धारित अवधि से पहले पूरा कर इसे जनता को समर्पित किया जाए।

Most Popular

Tags