रायगढ़, 23 सितम्बर 2026/ जिले में 26वीं राज्य स्तरीय शालेय क्रीड़ा प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। यह प्रतियोगिता 28 सितंबर से 1 अक्टूबर 2026 तक आयोजित होगा। इसमें प्रदेश के पांच संभागों बस्तर, बिलासपुर, दुर्ग, रायपुर एवं सरगुजा के करीब 360 खिलाड़ी और 80 ऑफिशियल शामिल होंगे। चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में वॉलीबॉल, खो-खो और कबड्डी के मुकाबले होंगे, जिसमें खिलाड़ी विभिन्न आयु वर्गों में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
कलेक्टर श्री मयंक चतुर्वेदी के निर्देशानुसार एवं सहायक कलेक्टर श्री गोकुल आर.के. के मार्गदर्शन में आयोजित होने वाले प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए सभी आवश्यक तैयारी की जा रही हैं। जिला शिक्षा अधिकारी श्री श्यामानंद साहू ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन एवं समापन समारोह शहीद विप्लव त्रिपाठी मिनी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जबकि सभी खेल स्पर्धाएं रायगढ़ स्टेडियम में होंगी। प्रतियोगिता में 17 वर्ष बालक-बालिका वर्ग में वॉलीबॉल एवं खो-खो तथा 14 वर्ष बालक-बालिका वर्ग में कबड्डी के मुकाबले होंगे। खिलाड़ियों एवं ऑफिशियल के ठहरने की व्यवस्था सिंधी पंचायती धर्मशाला, सिंधु भवन, सेंट जेवियर एवं मुक्ति प्रकाश स्कूल में की गई है। संभागीय दलों के लिए भोजन की व्यवस्था संबंधित दलों द्वारा स्वयं के स्तर पर की जाएगी।
खिलाड़ियों एवं ऑफिशियल को रेलवे स्टेशन से आवास स्थल तथा आवास स्थल से खेल स्थल तक पहुंचाने के लिए जिला प्रशासन द्वारा बसों की व्यवस्था की गई है। प्रतियोगिता के सुचारू संचालन के लिए शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं व्यायाम शिक्षकों की ड्यूटी भी लगाई गई है। सहायक जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री जीवन लाल नायक ने बताया कि प्रतियोगिता को लेकर आवश्यक तैयारियां पूरी की जा रही हैं। राज्य के विभिन्न संभागों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए आवास, परिवहन और खेल स्थलों से संबंधित व्यवस्थाओं को व्यवस्थित किया गया है।


