रायगढ़ 7 सितंबर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री शशि मोहन सिंह के दिशा-निर्देशन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अनिल सोनी के मार्गदर्शन में जूटमिल पुलिस ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से चोरी की गई 4 एक्टिवा स्कूटी बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने जूटमिल क्षेत्र से करीब एक-दो माह पूर्व चोरी की गई HF Deluxe और Dream Yuga मोटरसाइकिल की चोरी करना भी स्वीकार किया। पुलिस द्वारा दोनों मोटरसाइकिलों को पूर्व में अलग-अलग स्थानों से लावारिस हालत में बरामद किया जा चुका था।
आरोपियों की गिरफ्तारी से थाना जूटमिल के तीन अलग-अलग वाहन चोरी के मामलों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने करीब 4.50 लाख रुपये की संपत्ति बरामद करने में सफलता हासिल की है।
शोरूम यार्ड में घुसकर अलग-अलग दिनों में चुराईं 4 स्कूटी
प्राप्त विवरण के अनुसार, 14 से 17 अगस्त 2026 के बीच मिट्ठुमुड़ा स्थित शारदा होंडा शोरूम के यार्ड से चार एक्टिवा स्कूटी चोरी होने की रिपोर्ट 20 अगस्त को थाना जूटमिल में दर्ज कराई गई थी। रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 461/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अपराध विवेचना दरम्यान थाना प्रभारी जूटमिल निरीक्षक अभिनव कांत को मुखबीर से सूचना मिला कि आरोपियों के पास चोरी की स्कूटी रखी हुई है । पूछताछ में मार्शल यादव ने अपने साथी सुनील सारथी के साथ शोरूम यार्ड में चोरी के इरादे से घुसना स्वीकार किया। आरोपी के अनुसार यार्ड में नई स्कूटियों की कतार लगी थी और कई वाहनों में चाबी लगी हुई थी। दोनों ने अलग-अलग दिनों में चार स्कूटियां चोरी कीं और उन्हें सुनील सारथी के घर के नीचे नगर निगम कॉलोनी में छिपाकर रखा था। दोनों आरोपी चोरी के वाहनों को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहे थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चारों चोरी की एक्टिवा स्कूटी बरामद कर लीं।



